सोनीपत:गन्नौर विधायक ने नगरपालिका को दो नए वाहन दिए
- ब्रेक पार्ट्स कंपनी ने सीएसआर
फंड से दी 25 लाख की गाड़ियां, विधायक ने नारियल फोड़कर किया रवाना
सोनीपत, 22 अप्रैल (हि.स.)। गन्नौर
में बुधवार को देवा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक देवेंद्र कादियान ने
नगरपालिका को कूड़ा उठाने के लिए दो नए वाहन सौंपे। नारियल फोड़कर वाहनों को वार्डों
में सफाई कार्य के लिए रवाना किया गया। इन वाहनों से घर-घर कूड़ा संग्रह व्यवस्था को
तेज करने में मदद मिलेगी और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
ये वाहन
मुरथल स्थित ब्रेक पार्ट्स कम्पनी ने सीएसआर फंड के तहत दान किए हैं। दोनों वाहनों
की कीमत 25 लाख रुपये बताई गई है। विधायक ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों के सहयोग से शहर
के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का प्रयास लगातार जारी है। उन्होंने भरोसा जताया कि
अन्य कम्पनियों के सहयोग से जल्द ही दो और वाहन भी नगरपालिका को मिलेंगे, जिससे सफाई
व्यवस्था और बेहतर होगी।
विधायक
ने कहा कि बढ़ती आबादी के हिसाब से सफाई कर्मचारियों की संख्या अभी कम है। नगर परिषद
का दर्जा मिलने के बाद कर्मचारियों और संसाधनों में वृद्धि होगी। उन्होंने कर्मचारियों
को निर्देश दिए कि उपलब्ध साधनों का अधिकतम लाभ जनता तक पहुंचाया जाए और सफाई व्यवस्था
को नियमित रखा जाए। गन्नौर को स्वच्छ शहर बनाना उनकी पहली प्राथमिकता है। इसी लक्ष्य
के तहत वे महीने में दो बार पार्षदों और कर्मचारियों के साथ चिन्हित स्थानों पर स्वयं
झाड़ू लगाकर सफाई अभियान चलाते हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि शहर को सुंदर बनाने
में सभी लोग सहयोग करें और कूड़ा इधर-उधर न फेंकें।
कार्यक्रम
के बाद विधायक ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश
दिए। इस मौके पर कम्पनी प्रतिनिधि कर्मसिंह, नगरपालिका एमई राहुल मोर, ब्लॉक समिति
अध्यक्ष अनिल कुमार, पूर्व पार्षद अंकित मल्होत्रा, दीपक कामी और राजीव त्यागी सहित
कई लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

