यमुनानगर: घरेलू सहायक निकला चोर,गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर: घरेलू सहायक निकला चोर,गिरफ्तार


यमुनानगर, 29 अप्रैल (हि.स.) यमुनानगर की स्पेशल सेल ने एक संगठित कार्रवाई के तहत घर में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया व्यक्ति घर में कार्यरत रहा था और उसी ने मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जिला हरिद्वार उत्तराखंड निवासी लतेश कुमार के रूप में हुई है, जिसे उत्तर प्रदेश के रुड़की क्षेत्र के समीप से दबोचा गया। जांच में सामने आया कि उसने फिरोजपुर राइया निवासी एक व्यक्ति के घर से दिन के समय सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर ,फरार हो गया था। स्पेशल सेल प्रभारी रमन चंदेल ने बताया कि 23 मार्च को परिवार के सदस्य घर से बाहर थे। इसी दौरान आरोपी, जो हाल ही में दोबारा घरेलू सहायक के रूप में रखा गया था, ने घर की स्थिति और दिनचर्या की जानकारी का लाभ उठाते हुए चोरी को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया। तकनीकी संसाधनों और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन का पता लगाते हुए उसे रुड़की के पास से गिरफ्तार किया गया। टीम में उप निरीक्षक सतीश कुमार, जसविंदर, एएसआई सुरेंद्र कुमार सहित अन्य कर्मी शामिल रहे।

पुलिस के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि चोरी हुए आभूषणों की बरामदगी सुनिश्चित की जा सके और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story