हिसार : बनभौरी मेले की सुरक्षा के लिए पुलिस अलर्ट, 70 पुलिसकर्मी तैनात
सीआईए बरवाला सहित स्वैट कमांडो और डॉग स्क्वॉड संभाल रहे सुरक्षा की जिम्मेदारी
भीड़ को देखते हुए रोजाना भेजी जा रही अतिरिक्त पुलिस कंपनी
हिसार, 14 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्रों के अवसर पर बरवाला क्षेत्र के गांव बनभौरी
में आयोजित नौ दिवसीय मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर हिसार पुलिस अलर्ट है।
मेले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना
को रोकने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। सीआईए बरवाला की टीम सहित 70 पुलिसकर्मियों
की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रतिदिन एक अतिरिक्त
पुलिस कंपनी भी भेजी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बुधवार काे बताया कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने
के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा स्वैट कमांडो
और डॉग स्क्वॉड की टीमें निगरानी एवं जांच कर रही हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि
पर समय रहते नजर रखी जा सके और असामाजिक तत्वों को गड़बड़ी करने का मौका न मिले।
एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा
पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ
जिम्मेदारी निभाने और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। किसी
भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना मिलने पर तुरंत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित
की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

