हरियाणा के अस्पतालों में डाक्टरों व पैरामेडिकल की भारी कमी
-सरकार ने विधानसभा में पेश की रिपोर्ट
चंडीगढ़, 28 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टॉफ की भारी कमी सामने आई है। विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री आरती सिंह राव ने विधानसभा में दी जानकारी में बताया कि जून 2026 तक राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों के 2572 और पैरामेडिकल अमले के 2742 पद रिक्त हैं। यानी कुल 5314 पद खाली पड़े हैं। यह नूंह के विधायक आफताब अहमद द्वारा उठाए गए सवाल के जवाब में यह जानकारी दी गई है।उन्होंने अप्रैल 2024 से जून 2026 तक राज्य के मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों और पैरामेडिकल अमल के रिक्त पदों का जिलावार ब्यौरा मांगा था। जिलेवार आंकड़ों के अनुसार जींद मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों के 559 पदों में से 555 पद रिक्त हैं जबकि पैरामेडिकल स्टॉफ के 623 में से 617 पद खाली हैं। वहीं महेंद्रगढ़ में चिकित्सकों के 559 में से 492 पद और पैरामेडिकल स्टाफ के 744 में से 744 पद रिक्त हैं। इन दोनों जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मानव संसाधन की कमी सबसे बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है। रोहतक के पंडित बी.डी. शर्मा पीजीआईएमएस में चिकित्सकों के 852 पदों में से 341 और पैरामेडिकल स्टॉफ के 1967 पदों में से 397 पद रिक्त हैं। करनाल में 367 में से 200 चिकित्सक और 400 में से 181 पैरामेडिकल पद, सोनीपत में 408 में से 213 चिकित्सक और 276 में से 132 पैरामेडिकल पद और फरीदाबाद में 184 में से 97 चिकित्सक और 388 में से 242 पैरामेडिकल पद खाली हैं। नूह में 362 में से 197 चिकित्सक और 557 में से 104 पैरामेडिकल पद रिक्त हैं जबकि भिवानी में 552 में से 477 चिकित्सक और 325 में से 325 पैरामेडिकल पद खाली हैं।
जून 2026 तक के आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में हर स्तर पर मानव संसाधन की कमी बनी हुई है। कुल 5314 रिक्त पदों में 2572 चिकित्सक और 2742 पैरामेडिकल पद शामिल हैं। ऐसे में सरकार के सामने विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती के साथ-साथ पैरामेडिकल स्टॉफ के बड़े पैमाने पर रिक्त पदों को भरना भी बड़ी चुनौती है। सरकार का कहना है कि सभी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में ग्रुप-सी के रिक्त पदों केा भरने के लिए एचएसएससी को मांग 21 एवं 28 जनवरी को भेज दी गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

