सिरसा: अपराधियों का महिमामंडन नहीं, सख्ती से निपटें: आईजी
सिरसा, 16 सितंबर (हि.स.)। हिसार मंडल के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कुलदीप सिंह ने कहा है कि अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए थाना स्तर पर जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस अपराधियों से सख्ती से निपटे और किसी भी अपराधी का महिमामंडन न होने दें। गंभीर व जघन्य अपराधों पर विशेष निगरानी रखने के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। स्थानीय स्तर पर मिलने वाली सूचनाओं और खुफिया जानकारी को गंभीरता से लेकर समय पर कार्रवाई की जाए।
आईजी कुलदीप सिंह ने बुधवार को सिरसा में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था और थानों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।आईजी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिसकर्मी फील्ड में सक्रिय रहकर अपना सूचना तंत्र मजबूत करें, ताकि आपराधिक गतिविधियों की जानकारी समय रहते मिल सके और प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने फरार आरोपियों, स्थायी वारंटियों और अपराधी प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अपराधों पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए जिला के साथ लगती पंजाब व राजस्थान बॉर्डर पर नाकाबंदी को मजबूत करें तथा नाके से होकर गुजरने वाले प्रत्येक व्यक्ति व वाहन की गहनता से चैकिंग करने उपरांत ही जाने की परमिशन दें । सीसीटीवी कैमरों को समय समय पर चैक करें की वे दुरुस्त हालत में काम करते हैं या नहीं। एसपी दीपक सहारण ने बताया कि सिरसा पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ ताबड़-तोड़ कार्रवाई कर रही,जिसके काफी सार्थक परिणाम भी सामने आ रहे है।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

