कल होगा डीएलसीसुपवा का दूसरा दीक्षांत समारोह, डीसी-एसपी ने की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
-सुपवा के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल 760 छात्रों को देंगे डिग्री
चंडीगढ़, 03 मई (हि.स.)। कल सोमवार को आयोजित होने वाले दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) के दूसरे दीक्षांत समारोह को लेकर रोहतक के डीसी और एसपी ने रविवार को विश्वविद्यालय पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। इस दौरान यूनिवर्सिटी के कुलगुरु डॉ. अमित आर्य ने उन्हें पूरे समारोह की विस्तार से जानकारी दी।इस दाैरान कार्यक्रम के शेड्यूल के साथ ही अतिथियों के सीटिंग प्लान व सुरक्षा इंतजामों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पार्किंग एरिया व एंट्री-एग्जिट प्वाइंट का निरीक्षण कर जरूरी दिशा निर्देश व सुझाव दिए। उन्होंने यूनिवर्सिटी गेस्ट हाउस में आयोजन को लेकर मीटिंग भी की। मीटिंग में कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने बताया कि मौसम को ध्यान में रखते हुए पूर्णरूप से वाताकूनुलित, वाटर एंड फायर प्रूफ पंडाल तैयार किया गया है। मंच पर राज्यपाल के साथ चुनिंदा लोग की मंच पर होंगे। इस दौरान नगर निगम, एचएसवीपी, बिजली, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डीसी व एसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन के सफल आयोजन को लेकर गंभीरता व बेहतर तालमेल के साथ काम करें। इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मौके पर एडीसी नरेंद्र कुमार व एसडीएम आशीष शर्मा भी मौजूद रहे। रविवार को दोपहर के समय समारोह के आयोजन को लेकर यूनिवर्सिटी स्टाफ ने रिहर्सल व मॉकड्रिल भी आयोजित की।
गेट नंबर दो से होगी एंट्री
दीक्षांत समारोह में सुरक्षा के मद्देनजर यूनिवर्सिटी परिसर में वीआईपी, वीवीआईपी और छात्रों व अन्य लोगों की एंट्री अलग-अलग गेट से रखी गई है। गेट नंबर एक से केवल वीआईपी और वीवीआईपी एंट्री होंगी। वहीं, डिग्री प्राप्त करने वाले छात्रों, उनके अभिभावकों व यूनिवर्सिटी के अन्य छात्रों की एंट्री गेट नंबर दो से होगी। ये सभी गेट नंबर दो का इस्तेमाल कर सीधा दीक्षांत समारोह के आयोजन स्थल पर पहुंच सकेंगे।
बनाई गई फोटो गैलरी व काउंटर
रजिस्ट्रार डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने बताया कि डिग्री लेने के लिए आने वाले पूर्व छात्रों को परेशानी न हो, इसके लिए पूरी व्यवस्था की गई है। पंडाल में डिग्री धारकों के लिए रिसेप्शन काउंटर बनाया गया है। डिग्री लेने आने वाले पूर्व छात्रों को इस काउंटर पर आकर संपर्क करना होगा। इसके साथ ही ग्रुप फोटो के लिए अलग से स्पेस रहेगा, जिसमें डिग्री प्राप्त करने वाले छात्र अपने फोटो करा सकेंगे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

