नूंह: विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा व आत्मनिर्भरता की भावना सराहनीय : एसीयूटी अमितेज पांगती

WhatsApp Channel Join Now
नूंह: विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा व आत्मनिर्भरता की भावना सराहनीय : एसीयूटी अमितेज पांगती


नूंह, 03 नवंबर (हि.स.)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छपेड़ा में दिवाली हुनर मेला मंगलवार काे हर्षोल्लास के साथ आयाेजित किया गया। कार्यक्रम में एसीयूटी अमितेज पांगती ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मेले में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए हस्तशिल्प उत्पादों, मिट्टी के दीयों, पर्यावरण अनुकूल सजावटी वस्तुओं, रंगोली डिजाइनों और गृह सज्जा सामग्री की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई। मुख्य अतिथि ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर विद्यार्थियों के हुनर और मेहनत की सराहना की।

एसीयूटी अमितेज पांगती ने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और रचनात्मक सोच से आकर्षक उत्पाद तैयार किए हैं। इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मनिर्भरता, नवाचार और व्यावहारिक कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को निखारना और उन्हें जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना भी है। उन्होंने कहा कि मेले में प्रदर्शित उत्पाद विद्यार्थियों की कलात्मक क्षमता के साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी जागरूकता को भी दर्शाते हैं।

मेले के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत, लोकनृत्य, कविताओं और लघु नाटिकाओं के माध्यम से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। इससे पहले विद्यालय की प्राचार्या प्रोमिला कुमारी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए मेले के आयोजन के उद्देश्य और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने, उनमें आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने और व्यावहारिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विद्यालय में समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसके अलावा प्रत्येक शनिवार को भी विद्यार्थियों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां करवाई जाती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771819 Articles

Share this story