यमुनानगर:दिव्यांग बच्चों ने चित्रकारी के माध्यम से मनाया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:दिव्यांग बच्चों ने चित्रकारी के माध्यम से मनाया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस


यमुनानगर, 07 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्थान संस्थान की कोशिश इकाई में दिव्यांग बच्चों द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए महिला सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित सुंदर चित्रकारी प्रस्तुत की। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के भीतर रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण के संदेश को समाज तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम के दौरान उत्थान संस्थान की डायरेक्टर डॉ. अंजू बाजपेई ने सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शनिवार काे कहा कि यह दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं की भूमिका और योगदान को सम्मान देने का भी महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष महिला दिवस की थीम “गिव टू गेन” रखी गई है, जो उदारता, सहयोग और पारस्परिक समर्थन की भावना को बढ़ावा देती है। उन्होंने कहा कि जब समाज, संस्थाएं और समुदाय मिलकर महिलाओं के उत्थान के लिए सहयोग करते हैं तो उनके लिए अवसरों के नए द्वार खुलते हैं। महिलाओं की प्रगति से परिवार, समाज और राष्ट्र सभी सशक्त होते हैं। उन्होंने कहा कि महिला अपने भीतर सृजन, पोषण और परिवर्तन की अपार शक्ति समेटे हुए होती है और जब वह आत्मविश्वास के साथ घर की सीमाओं से बाहर निकलकर विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देती है तो समाज के विकास को नई दिशा मिलती है। इस अवसर पर महान शिक्षाविद डॉ. पी. के. बाजपेई ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक उपलब्धियों को सम्मानित करने का दिन है। उन्होंने कहा कि इस दिवस का उद्देश्य महिलाओं को समान अधिकार दिलाने और उनके साथ होने वाले भेदभाव को समाप्त करने के प्रति समाज को जागरूक करना है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की बनाई चित्रकृतियों की सराहना की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story