जींद : नौ एकड़ में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर चला पीला पंजा

WhatsApp Channel Join Now
जींद : नौ एकड़ में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर चला पीला पंजा


जींद, 19 अगस्त (हि.स.)। भिवानी रोड अंडरपास के साथ लगती करीब नौ एकड़ भूमि पर अवैध कॉलोनी में किए गए निर्माणों को जिला नगर योजनाकार विभाग टीम ने जेसीबी मशीन की सहायाता से गिराने का काम किया। जिला नगर योजनकार ने स्पष्टकिया कि अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है तथा भविष्य में कानूनी कार्रवाई का सामना भी करना पड़ सकता है। इसलिए नागरिक किसी भी प्रकार का निवेश करने से पहले सभी आवश्यक दस्तावेजों एवं विभागीय अनुमोदनों की जांच अवश्य करें।

जिला नगर योजनाकार मनीष दहिया ने बताया कि भिवानी रोड अंडरपास के साथ लगती करीब नौ एकड़ भूमि पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। जिस पर अवैध निर्माण करने वालों को नोटिस दिए गए थे। अवैध निर्माण न हटवाए जाने पर अनाधिकृत कॉलोनी एवं अवैध निर्माणों के विरुद्ध जिला नगर योजनाकार कार्यालय द्वारा कार्रवाई करते हुए तोड़ फोड़ अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा अनधिकृत रूप से की जा रही प्लाटिंग एवं निर्माण गतिविधियों को रोकने के लिए नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गई।

अभियान के दौरान अवैध रूप से विकसित किए जा रहे निर्माण एवं कॉलोनी के हिस्सों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसएचओ तथा एचएसईएनबी के नेतृत्व, अधिकार क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की सहायता ली गई। पुलिसबल की मौजूदगी में अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। जिला नगर योजनाकार मनीष दहिया ने कहा कि जिला प्रशासन एवं विभाग द्वारा अवैध कॉलोनियों, अवैध प्लॉटिंग तथा अनाधिकृत निर्माणों को लेकर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है। बिना विभागीय अनुमति अथवा वैध लाइसेंस के विकसित की जा रही कॉलोनियों में प्लॉट काटना एवं संपत्ति का निर्माण करना नियमों का उल्लंघन है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story