सेवा संकल्प अभियान का हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ करेगा विरोध : मोहम्मद अरशद

WhatsApp Channel Join Now
सेवा संकल्प अभियान का हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ करेगा विरोध : मोहम्मद अरशद


नूंह, 18 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के जिला प्रधान मोहम्मद अरशद ने कहा कि संघ सरकार के सेवा संकल्प अभियान का विरोध करेगा। संघ के प्रधान एवं सचिव की ओर से जारी बयान में शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों की सेवा शर्तों और कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर सरकार से समाधान की मांग की गई है। मोहम्मद अरशद ने कहा कि अप्रैल माह से शिक्षक जनगणना, एसआईआर और प्रशिक्षण सहित विभिन्न कार्यों में लगातार लगाए जा रहे हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की स्थिति बन रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाया जा रहा है तो घटते नामांकन और स्कूलों के मर्ज होने की जिम्मेदारी शिक्षकों पर क्यों डाली जा रही है।

संघ ने 21 वर्षों से कार्यरत अतिथि अध्यापकों को नियमित करने, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की पेंशन संबंधी समस्याओं का समाधान करने तथा सेवा नियमों के कारण पदोन्नति और एसीपी लाभ में आ रही दिक्कतों को दूर करने की मांग की। साथ ही लंबे समय से लंबित मांगों का समयबद्ध समाधान करने की आवश्यकता जताई गई। संघ ने संवैधानिक अधिकारों के लिए आंदोलन करने वाले कर्मचारियों की बात सुनने तथा सार्वजनिक उपक्रमों और सेवाओं को मजबूत करने की मांग भी उठाई।

संघ ने प्रधानमंत्री से सभी बच्चों को समान, निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों-कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने और रिक्त पदों को नियमित भर्ती से भरने की मांग की। इसके अलावा सभी नागरिकों के लिए बेहतर स्वास्थ्य, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक सेवाओं का विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण करने की मांग की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story