पानीपत : जिला जेल में कैदियों के बीच हुए खूनी संघर्ष में दो घायल

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत : जिला जेल में कैदियों के बीच हुए खूनी संघर्ष में दो घायल


पानीपत, 26 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत की जिला जेल में बंदियों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर हुई झड़प ने हिंसात्मक रूप ले लिया और झगड़ा इतना बढ़ा कि दो बंदी गंभीर रूप से घायल हो गए। जेल प्रशासन ने आरोपी बंदियों के खिलाफ थाने में गुरुवार को एफआईआर दर्ज करा दी है। पुलिस के अनुसार जेल की बैरक के भीतर हुए इस झगड़े में दो बंदी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनके सिर और माथे पर स्टील के गिलास और लकड़ी के फट्टों से हमला किया गया। पुलिस ने पीड़ित बंदियों की शिकायत पर तीन अन्य हवालातियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

घटना 21 फरवरी की सुबह की है। जेल में बंद हवालाती हिंमाशु निवासी बलजीत नगर और उसका साथी राहुल अपनी बैरक में आराम कर रहे थे। इसी दौरान जेल में ही बंद तीन अन्य बंदी राजेश लक्ष्मण निवासी हिमाचल व रतन निवासी विद्यानंद कॉलोनी और रिजवान निवासी महादेव कॉलोनी उनके पास आए। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने पुराने उधार के पैसों की मांग को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि राजेश ने स्टील के गिलास से हिंमाशु के सिर पर जोरदार वार किया। वहीं राहुल के माथे पर भी गिलास से हमला किया गया। आरोपी रिजवान ने लकड़ी के टुकड़े से दोनों की पिटाई की, जबकि रतन ने उन्हें पकड़कर थप्पड़ और मुक्कों से वार किए। हमले के दौरान आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

घायलों को पहले जेल के अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में सरकारी अस्पताल में उनकी एमएलआर काटी गई। 25 फरवरी को सेक्टर-29 थाने के एएसआई विकास और एएसआई सतीश ने जिला जेल पहुंचकर पीड़ितों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रिजन एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story