कैथल: अब जिले की जरूरतों के हिसाब से बनेगी फसल खरीद नीति

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: अब जिले की जरूरतों के हिसाब से बनेगी फसल खरीद नीति


कैथल, 19 नवंबर (हि.स.)। फसल खरीद सीजन के दौरान मंडियों में किसानों को होने वाली परेशानियों से बचाने के लिए अब जिला स्तर पर अलग से फसल खरीद नीति तैयार की जाएगी। इसमें जिले की जरूरतों और फसल उत्पादन के संभावित आंकड़ों को आधार बनाकर खरीद से जुड़ी व्यवस्थाओं का पहले ही आकलन किया जाएगा। प्रशासन का प्रयास है कि आगामी रबी सीजन में खरीद शुरू होने से पहले भंडारण, बारदाने, खरीद एजेंसियों की व्यवस्था और मंडियों में जन सुविधाओं से जुड़े सभी इंतजाम पूरे कर लिए जाएं।

इस संबंध में गुरुवार को उपायुक्त अपराजिता ने लघु सचिवालय में खरीद एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी सीजन की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अक्सर फसल खरीद के दौरान ऐसी जरूरतें सामने आती हैं, जिनके लिए उच्च अधिकारियों से अनुमति लेनी पड़ती है। यदि इनका आकलन पहले से न किया जाए तो खरीद प्रक्रिया प्रभावित होती है और किसानों को परेशानी उठानी पड़ती है। इसलिए इस बार अधिकारियों को पहले ही संभावित जरूरतों की पहचान कर संसाधनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

नई नीति में जिले में संभावित फसल आवक के अनुसार खरीद की मात्रा का अनुमान लगाया जाएगा। इसके आधार पर बारदाने, भंडारण स्थलों, उठान व्यवस्था और खरीद से संबंधित टेंडर प्रक्रिया को समय रहते पूरा किया जाएगा। साथ ही मंडियों में किसानों के लिए पेयजल, सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि खरीद सीजन शुरू होने के बाद व्यवस्थाओं को लेकर किसी तरह की अफरातफरी न हो। बैठक में डीसी ने मौजूदा धान खरीद सीजन की भी समीक्षा की। उन्होंने डीएफएससी से अब तक हुई धान खरीद, मंडियों से उठान और किसानों को किए गए भुगतान की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मंडियों में शेष धान का उठान जल्द से जल्द पूरा करवाया जाए और किसानों की फसल का भुगतान निर्धारित समय पर सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर डीएफएससी वीरेंद्र सिंह, डीएम हैफेड अनूप नैन सहित विभिन्न खरीद एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story