जींद : दस्तावेजों से छेड़छाड़ कर शहीद कोटे का लाभ लेने पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
जींद : दस्तावेजों से छेड़छाड़ कर शहीद कोटे का लाभ लेने पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज


जींद, 18 सितंबर (हि.स.)। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शहीद की विधवा द्वारा बेटे को अनुकंपा नियुक्ति का लाभ दिलाने के लिए दिए गए एनआईओएस के प्रमाण पत्रों से छेड़छाड़ करने पर मामला दर्ज किया है। जन्मतिथि और नाम में भी अंतर होने पर दो युवकों को नामजद किया गया है। यह मामला जिला सैनिक एवं अर्द्ध सैनिक कल्याण अधिकारी सुजाता की शिकायत पर दर्ज हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जिला सैनिक एवं अर्द्ध सैनिक कल्याण अधिकारी सुजाता ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि यह मामला मामला सीडब्ल्यूपी नंबर 3659/2026 से संबंधित है। इसमें अर्बन एस्टेट निवासी शहीद की पत्नी शीला देवी ने अपने दूसरे बेटे संजीत सिंह को आश्रित के तौर पर अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग की थी।

इसको लेकर उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इसके बाद संजीत ने नियुक्ति को लेकर एनआइओएस के दो प्रमाण पत्र जमा करवाए। जब विभाग ने रिकार्ड की जांच की तो संजीत सिंह तथा संजीत कुमार के नाम से 10वीं कक्षा के एनआइओएस (नेशनल इंस्टीच्यूट आफ ओपन स्कूलिंग) प्रमाण पत्र दो अलग-अलग पाए गए। 18 जून 2005 के प्रमाण पत्र में नाम संजीत कुमार और जन्मतिथि 17 दिसंबर 1989 दर्ज है। इसी आधार पर 2010 व 2018 में पात्रता प्रमाण पत्र जारी किए गए थे। वहीं 14 जनवरी 2022 के दूसरे प्रमाण पत्र में जन्मतिथि 17 दिसंबर 1986 दर्ज है। इसके बाद 12 अक्टूबर 2023 को संशोधित प्रमाण पत्र में नाम संजीत सिंह और जन्मतिथि 17 दिसंबर 1986 दर्ज की गई। इसके बाद मामले की 24 अगस्त को गठित फैक्ट फाइंडिंग कमेटी ने जांच की। कमेटी को इसमें कुछ गलत लगा तो उसने जांच एजेंसी को जांच सौंपने की सिफारिश की थी। वहीं एनआइओएस से प्रमाण पत्रों की जांच करवाने के निर्देश दिए गए हैं। जिला सैनिक एंव अर्ध सैनिक कल्याण अधिकारी सुजाता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने संजीत सिह तथा संजीत कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय सहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शुक्रवार को जानकारी देते हुए सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि जिला सैनिक एवं अर्ध सैनिक कल्याण अधिकारी की तरफ से शिकायत मिली थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story