सिरसा: स्मार्ट पुलिस बनकर करना होगा काम: डीआईजी

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: स्मार्ट पुलिस बनकर करना होगा काम: डीआईजी


सिरसा, 20 मार्च (हि.स.)। पुलिस उप महानिरीक्षक मनवीर सिंह ने कहा कि आधुनिकता के इस युग में स्मार्ट पुलिस बनकर काम करना होगा। इसके लिए हमें अपनी कार्य क्षमता को और अधिक बेहतर बनाना होगा और नए विचारों को अपनाना होगा। नागरिकों के लिए सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु हमें स्मार्ट पुलिसिंग और सामुदायिक पुलिसिंग पर काम करना होगा। उन्होंने नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति पर जोर देते हुए कहा कि नशा तस्करों खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ पुलिस को ओर अधिक आक्रामक रुख अपनाना होगा।डीआईजी मनवीर सिंह शुक्रवार को सिरसा में पुलिस अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

डीआईजी मनवीर सिंह ने जिले सिरसा की कानून व्यवस्था का विश्लेषण करते हुए पर्यवेक्षण अधिकारियों से उनके संबंधित क्षेत्रों में अपराध की प्रकृति और वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। बैठक के दौरान इस वर्ष अब तक दर्ज हुए जघन्य अपराधों के मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गई और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने के उद्देश्य से जिले में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और उनकी पहुंच की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे अपराध की रोकथाम तथा अपराधियों की पहचान करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं,इसलिए सीसीटीवी कैमरों को नियमित चैक करें ताकि अपराध करने वाला व्यक्ति किसी भी परिस्थिति में बच न पाएं।

उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी थाना एवं चौकी क्षेत्र में नियमित रूप से पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए तथा सीलिंग प्लान के तहत नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जाए। महिला एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पीड़ितों को संवेदनशीलता के साथ सहायता प्रदान की जाए।

उन्होंने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं के कारण देश में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु होती है तथा कई लोग गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं। इसलिए आमजन को मोटर वाहन अधिनियमों की पालना के लिए प्रेरित किया जाए। एसपी दीपक सहारन ने कहा कि नशे की डिमांड को खत्म करने के लिए सिरसा पुलिस लगातार गांव गांव जाकर युवाओं व आमनज को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक कर रही है। इस अवसर पर डीएसपी हेडक्वाटर आदर्शदीप, डीएसपी संजीव बल्हारा, डीएसपी राजसिंह व डीएसपी राजेश मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story