हिसार : रोडवेज कर्मचारियों ने किया आंदोलन का ऐलान, 17 को गेट मीटिंग के बाद धरना

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : रोडवेज कर्मचारियों ने किया आंदोलन का ऐलान, 17 को गेट मीटिंग के बाद धरना


15 सितंबर तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो हिसार डिपो में शुरू होगा आंदोलन

वित्तीय भत्ते, कौशल परिचालकों की सैलरी और रात्रि भत्ता मुख्य मुद्दे

हिसार, 12 सितंबर (हि.स.)। रोडवेज कर्मचारियों की लंबित मांगों को बार-बार

लटकाए जाने व कर्मचारियों को गुमराह करने के रोषस्वरूप सांझा संघर्ष समिति ने आंदोलन

का ऐलान कर दिया है। समिति में शामिल सभी यूनियनों के पदाधिकारियों की शनिवार को हुई

संयुक्त बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि 15 सितंबर तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं

हुई तो 17 सितंबर को हिसार डिपो में विशाल गेट मीटिंग कर महाप्रबंधक कार्यालय के खिलाफ

धरना शुरू किया जाएगा।

समिति के अनुसार, एक सितंबर को दिए गए नोटिस में कर्मचारियों की लंबित वित्तीय

मांगों, विभिन्न भत्तों, कौशल परिचालकों की सैलरी और रात्रि भत्ते सहित अन्य समस्याओं

के समाधान के लिए 15 सितंबर तक का समय दिया गया था। आरोप है कि अभी तक इन मांगों पर

कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

बैठक में वर्कशॉप कर्मचारियों के लिए पांच कमरों की व्यवस्था और बसों की चेकिंग

के लिए बड़ा डग बनाने की मांग पर भी चर्चा हुई। समिति पदाधिकारियों ने महाप्रबंधक की

कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति कथित लापरवाही पर रोष

जताया। समिति ने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं होने तक संघर्ष जारी रहेगा और

जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story