छह वर्षों में 6,256 आरोपी गिरफ्तार,2353 एफआईआर दर्ज ः डीजीपी

WhatsApp Channel Join Now
छह वर्षों में 6,256 आरोपी गिरफ्तार,2353 एफआईआर दर्ज ः डीजीपी


डीजीपी ने ली नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की बैठक

चंडीगढ़, 05 जून (हि.स.)। हरियाणा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत संगठित ड्रग नेटवर्क पर लगातार प्रहार किया है। राज्य में नशा तस्करों के खिलाफ की गई कार्रवाई के परिणामस्वरूप पिछले छह वर्षों में एनडीपीएस एक्ट के तहत व्यावसायिक मात्रा (कमर्शियल क्वांटिटी) से संबंधित मामलों में 2,353 एफआईआर दर्ज की गईं तथा 6,256 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्तियों पर भी कड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 72.70 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां जब्त, फ्रीज अथवा कुर्क की जा चुकी हैं।

यह जानकारी हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के प्रमुख संजय कुमार ने शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान दी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार ने बताया कि वर्ष 2021 से 2025 के दौरान हरियाणा में एनडीपीएस मामलों में वाणिज्यिक मात्रा (कमर्शियल क्वांटिटी) से संबंधित कुल 1,876 एफआईआर दर्ज की गईं, जिनमें हरियाणा के रहने वाले 3,151 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। नशा तस्करी में संलिप्त आदतन एवं संगठित अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए 156 आरोपियों के खिलाफ पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त, नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर प्रहार करते हुए 432 लोगों के खिलाफ संपत्ति कुर्की (प्रॉपर्टी अटैचमेंट) की कार्रवाई की गई।

इसी प्रकार वर्ष 2021 से 2025 के दौरान अन्य राज्यों में दर्ज एनडीपीएस मामलों में वाणिज्यिक मात्रा (कमर्शियल क्वांटिटी) में गिरफ्तार हरियाणा के आरोपियों की निगरानी एवं वेरिफिकेशन के लिए 321 आरोपियों का विवरण संबंधित जिलों को भेजा गया। बैठक में बताया गया कि हरियाणा में नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम, 1988 के अंतर्गत अब तक कुल 156 डिटेंशन (निवारक हिरासत) आदेश जारी किए जा चुके हैं। यह कार्रवाई उन आदतन एवं संगठित नशा तस्करों के विरुद्ध की गई है, जो लगातार मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त पाए गए।

बैठक में सामुदायिक पुलिसिंग व आउटरीच के विशेष अधिकारी एवं पुलिस महानिरीक्षक अंबाला रेंज पंकज नैन ने बैठक में उदय हरियाणा कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जल्द ही प्रदेश में ड्रग फ्री हरियाणा अभियान शुरू होने जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रदेश भर में नशामुक्ति को लेकर अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story