हिसार : सालासर धाम की पैदल यात्रा बनी आखिरी सफर, वाहन की टक्कर से श्रद्धालु की मौत

WhatsApp Channel Join Now

चौधरीवास टोल प्लाजा के पास हादसा, पीछे से आए

वाहन ने मारी टक्कर

हिसार, 21 अक्टूबर (हि.स.)। सालासर धाम में दर्शन

करने की आस्था लेकर घर से निकले आजाद नगर निवासी 36 वर्षीय विक्रम की यात्रा चौधरीवास

टोल प्लाजा के पास दर्दनाक हादसे में खत्म हो गई। मंगलवार तड़के पैदल जा रहे विक्रम

को पीछे से आए वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल विक्रम की मौत हो

गई। वह अपने बड़े भाई संदीप, चचेरे भाई अजय और अन्य लोगों के साथ सालासर जा रहा था।

परिवार में दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र पांच और दो साल है।

मृतक के साले सत्यजीत के अनुसार विक्रम मंगलवार

सुबह परिजनों के साथ पैदल सालासर धाम के लिए निकला था। यात्रा के दौरान सभी लोग सड़क

पर आगे-पीछे चल रहे थे। चौधरीवास टोल प्लाजा पार करने के बाद तड़के करीब चार बजे पीछे

से तेज रफ्तार में आए एक वाहन ने विक्रम को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह

सड़क किनारे कच्चे रास्ते पर जा गिरा और उसका सिर जमीन से टकरा गया।

साथ चल रहे परिजनों ने तुरंत विक्रम को संभाला

और उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित

कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल के

शवगृह में रखवाया। बुधवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। विक्रम

प्राइवेट नौकरी करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दो छोटे

बच्चों के सिर से पिता का साया उठने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला

दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारकर फरार हुए वाहन की पहचान के लिए चौधरीवास टोल

प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों

का पता लगाने में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764546 Articles

Share this story