यमुनानगर : जननायक देवीलाल की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, नीतियों पर चलने का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर : जननायक देवीलाल की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, नीतियों पर चलने का संकल्प


यमुनानगर, 06 अप्रैल (हि.स.)। जिले में इंडियन नेशनल लोकदल कार्यकर्ताओं ने सोमवार को स्वर्गीय जननायक चौधरी देवीलाल की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई। इस अवसर पर प्रतापनगर स्थित हर्बल पार्क में सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित कर पूर्व उपप्रधानमंत्री को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में जिलेभर से पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। सभी ने जननायक की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि चौधरी देवीलाल ने अपने सार्वजनिक जीवन में किसान, मजदूर और वंचित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई को प्राथमिकता दी। उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए कई जनकल्याणकारी पहल कीं, जिनका प्रभाव लंबे समय तक देखा गया। उनके नेतृत्व में बुजुर्गों के सम्मान के लिए पेंशन व्यवस्था लागू की गई, किसानों को राहत देने के लिए ऋण माफी जैसे निर्णय लिए गए और ग्रामीण ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।

वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक न्याय और समान अवसर की भावना को मजबूत करने के लिए उन्होंने कई योजनाएं शुरू कीं, जिनसे समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को लाभ मिला। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बने हुए हैं। इनेलो नेताओं ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य जननायक के सिद्धांतों को आगे बढ़ाना और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य करना है। उन्होंने प्रदेश में जनहित आधारित नीतियों को लागू करने और सामाजिक संतुलन को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story