हांसी में अवैध कॉलोनी में चली जेसीबी, विकास कार्य किए ध्वस्त
खंड विकास अधिकारी अशोक कुमार रहे ड्यूटी मजिस्ट्रेट
हिसार, 30 जून (हि.स.)। हांसी में जिला प्रशासन ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ
अभियान जारी रखते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। सेक्टर-4 स्थित इंद्रावती एन्क्लेव
के पास करीब 8 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलाया
गया। इस दौरान वहां बनाए गए कच्चे सड़क नेटवर्क और अन्य प्रारंभिक विकास कार्यों को
ध्वस्त कर दिया गया।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं बीडीपीओ हांसी-1 अशोक कुमार की निगरानी में हुई इस कार्रवाई
के दौरान जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) दिनेश सिंह, फील्ड इंस्पेक्टर सपना, डीटीपी विभाग
की प्रवर्तन टीम और स्थानीय पुलिस बल शामिल रहे। प्रशासन ने मौके पर घेराबंदी कर जेसीबी
मशीनों से अवैध कॉलोनी के कच्चे रास्तों को उखाड़ दिया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के
लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहा।
अधिकारियों के अनुसार, यह कॉलोनी बिना किसी विभागीय स्वीकृति और आवश्यक लाइसेंस
के विकसित की जा रही थी। कॉलोनाइजर ने जमीन पर सड़क नेटवर्क बनाकर प्लॉटिंग की तैयारी
कर ली थी, लेकिन प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई कर अवैध विकास कार्यों को ध्वस्त कर
दिया।
जिला प्रशासन और नगर योजनाकार विभाग हांसी क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ
लगातार अभियान चला रहा है। इससे पहले भी शहर और आसपास के क्षेत्रों में कई अवैध कॉलोनियों
पर बुलडोजर चलाकर सड़कें, डीपीसी, बाउंड्री वॉल और अन्य अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए
हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसेंस और विभागीय मंजूरी के विकसित की जा
रही किसी भी कॉलोनी को बख्शा नहीं जाएगा, और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

