डबल इंजन सरकार तिगुनी गति से करवा रही हरियाणा का विकास : नायब सैनी

WhatsApp Channel Join Now
डबल इंजन सरकार तिगुनी गति से करवा रही हरियाणा का विकास : नायब सैनी


बवानी खेड़ा में ‘विकास संकल्प जनसभा’ में मुख्यमंत्री ने खोला विकास का पिटारा

78 करोड़ की लागत वाली 7 विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास

चंडीगढ़, 06 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को बवानी खेड़ा की अनाज मंडी में आयोजित विकास संकल्प जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का व्यापक रोडमैप प्रस्तुत किया। जनसभा में मुख्यमंत्री ने लगभग 78 करोड़ रुपये की 7 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि केंद्र व हरियाणा में भाजपा की डबल इंजन सरकार आज तिगुनी गति से विकास कार्य करवा रही हैं। उन्होंने बताया कि विगत 12 वर्षों में इस विधानसभा क्षेत्र में 1446 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत के विकास कार्य कराए गए हैं, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार के 10 वर्षों में यह आंकड़ा मात्र 609 करोड़ 58 लाख रुपये था।

उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने इस इलाके के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। एनएच-148बी का भिवानी-हांसी खंड 1322 करोड़ रुपये से पूर्ण हो चुका है, एनएच-709ए का निर्माण 749 करोड़ रुपये से किया गया है, भिवानी-खरक एनएच 709 ई को 169 करोड़ रुपये से चारमार्गीय बनाया गया है, मानहेरू-बवानी खेड़ा रेलवे लाइन दोहरीकरण 413 करोड़ रुपये से निर्माणाधीन है जिसमें 12 किलोमीटर का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि खरक कलां में जल घर 29 करोड़ 47 लाख रुपये और सुंदर डिस्ट्रीब्यूटरी लाइनिंग 21 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने किसान कल्याण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां सभी 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है। फसल खरीद पर अब तक 12 लाख किसानों के खातों में 1 लाख 86 हजार करोड़ रुपये सीधे भिजवाए जा चुके हैं। पिछले 12 वर्षों में फसल खराबे पर किसानों को 16 हजार 160 करोड़ रुपये की राशि दी गई है।

मुख्यमंत्री ने आज 3.51 करोड़ रुपये की लागत से तैयार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुजरानी, 2.62 करोड़ रुपये की लागत से तैयार राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलिंगा के भवन, गांव खेड़ा में 16.98 करोड़ से तैयार हुए कैनाल रेस्ट हाउस के कार्यालय परिसर और स्टाफ आवासीय भवन तथा बवानी खेड़ा में 28.89 करोड़ रुपये की लागत से तैयार दो जलघरों के नवीनीकरण और जलापूर्ति वितरण नेटवर्क का उद्घाटन किया। इनके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रेम नगर में 9.60 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले दीनदयाल उपाध्याय 25 बिस्तरों के आयुर्वेदिक अस्पताल, नाथुवास से गुजरानी होते हुए बामला तक 10.59 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नई लिंक रोड और 4.72 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बलियाली के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का शिलान्यास भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story