रोहतक: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख को मिली 21 दिन की पैरोल, बरनावा आश्रम पहुंचे

WhatsApp Channel Join Now

रोहतक, 21 नवंबर (हि.स.)। सिरसा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक बार फिर जिला प्रशासन द्वारा 21 दिन की पैरोल दी गई। राम रहीम को पैरोल मिलने के बाद डेरा अनुयायियों में काफी खुशी का माहौल है। वहीं लोगों का कहना है राजस्थान चुनाव के मद्देनजर यह पैरोल मिली है। इससे पहले भी कई बार अन्य प्रदेशों में चुनाव के दौरान पैरोल दी गई थी। गुरमीत राम रहीम सिंह अब तीन सप्ताह तक बागपत के बरवाना आश्रम में रहेंगे।

मंगलवार दोपहर को डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम गुरमीत राम रहीम भारी सुरक्षा के बीच सुनारिया जेल से बाहर आए और अपने काफिले के साथ बागपत के बरवाना आश्रम के लिए रवाना हो गए। इससे पहले सोमवार को ही राम रहीम की पैरोल अर्जी स्वीकार कर ली गई थी, लेकिन सुरक्षा कारणों के चलते वह सुनारिया जेल से नहीं निकल पाए थे। मंगलवार को दोपहर करीब एक बजकर 45 मिनट पर राम रहीम सुनारिया जेल से बाहर आए। इस दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए। राम रहीम जेल से बाहर निकलते ही अपने काफिले के साथ बागपत के लिए रवाना हो गए। पुलिस द्वारा जेल परिसर की ओर आने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई थी। साथ ही जेल परिसर की तरफ आने जाने वालों से भी पूछताछ की जा रही थी। बताया जा रहा है कि सुनारिया जेल आने के बाद राम रहीम अब तक आठ बार पैरोल पर जेल से बाहर जा चुका है।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल/सुमन/संजीव

Share this story