जींद : भाकियू ने शुरू किया धरना,11 अप्रैल को प्रदेश में चार घंटे चक्का जाम का ऐलान

WhatsApp Channel Join Now
जींद : भाकियू ने शुरू किया धरना,11 अप्रैल को प्रदेश में चार घंटे चक्का जाम का ऐलान


जींद, 09 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय किसान यूनियन द्वारा किसान नेता छज्जू राम कंडेला, जिला प्रेस प्रवक्ता रामराजी ढुल, जिला प्रधान बिंद्र नंबरदार के नेतृत्व में गुरूवार को धरना शुरू किया। धरने पर हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा पहुंचे और किसानों से बातचीत की। यहां भाकियू पदाधिकारियों ने मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा।

धरने पर किसानों को संबोधित करते हुए छज्जू राम कंडेला, जिला प्रेस प्रवक्ता रामराजी ढुल, जिला प्रधान बिंद्र नंबरदार ने कहा कि किसानों की फसल बिक्री पर सरकार द्वारा लगाई जा रही अनावश्यक शर्तों, बायोमीट्रिक, ट्रैक्टर नंबर प्लेट की अनिवार्यता समेत दूसरी शर्तों के विरोध में वीरवार से मंडी में धरना शुरू किया गया है। इसके बाद 11 अप्रैल को चार घंटे पूरे प्रदेश में चक्का जाम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नई अनाज मंडी में धरना तब तक जारी रहेगाए जब तक नए नियम वापस नहीं होते। छज्जूराम ने कहा कि हरियाणा सरकार ने किसानों पर जो काले कानून थौंपने का काम किया है, उसके विरोध में यह धरना शुरू किया गया है।

प्रदेश भर में यह धरना चालू है। 11 अप्रैल को सुबह 11 बजे से तीन बजे तक रोड जाम किया जाएगा। यदि इस पर भी सरकार बाज नहीं आई तो पूरे किसान संगठन और संयुक्त मोर्चा मिलकर आगे का निर्णय लेगा। मुख्यमंत्री ने भी आश्वासन दिया था लेकिन उसे पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। कैबिनेट मंत्री भी किसानों के साथ बड़ा मजाक करते हैं। सरकार नए-नए कानून लाकर किसान और मजदूर को तंग करने का काम कर रही है जो की ठीक नहीं है। हर बार फसल सीजन में इस तरह के कानून बनाए जाते हैं। जो पिछली सरकार थी भजन लाल, बंसी लाल, चौटाला सरकार वो भी किसानों को तंग करने की वजह से गई थी। भाजपा का भी हरियाणा में यही हाल होगा। डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को सीएम नायब सैनी तक पहुंचा दिया जाएगा। सरकार किसानों को फसल खरीद को लेकर किसी भी तरीके से कोई परेशानी नही आने देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story