हिसार : किसानों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल निंदनीय: वजीर सिंह पूनिया

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : किसानों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल निंदनीय: वजीर सिंह पूनिया


किसानों की आवाज दबाने के बजाय सरकार बातचीत से

निकाले समाधान, बल प्रयोग की घटनाओं की हो निष्पक्ष जांच

हिसार, 24 सितंबर (हि.स.)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता

एवं ऑल इंडिया राहुल गांधी कांग्रेस कमेटी के सदस्य वजीर सिंह पूनिया ने एमएसपी की

मांग पर प्रदर्शन कर रहे किसानों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल को निंदनीय

बताते हुए सरकार से किसानों के साथ संवाद के जरिए समाधान निकालने की मांग की है। उन्होंने

कहा कि अपनी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की मांग करना किसानों का लोकतांत्रिक

अधिकार है। शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग सरकार के सामने रखने वाले किसानों के खिलाफ

बल प्रयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

वजीर सिंह पूनिया ने गुरुवार काे कहा कि देश का किसान दिन-रात

मेहनत कर अन्न पैदा करता है और पूरे देश का पेट भरने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता

है। ऐसे में जब किसान अपनी मेहनत की फसल का उचित मूल्य मांगने के लिए आवाज उठाता है

तो उसकी समस्याएं सुनने और बातचीत करने के बजाय लाठीचार्ज तथा आंसू गैस का इस्तेमाल

किया जाना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की एमएसपी से जुड़ी मांगों

पर गंभीरता से विचार करते हुए किसान प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करनी चाहिए। लोकतांत्रिक

व्यवस्था में असहमति और विरोध की आवाज को सुनना आवश्यक है। किसानों को डराने या दबाने

के बजाय उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जाना चाहिए।

कांग्रेस नेता ने मांग की कि किसानों के खिलाफ

बल प्रयोग की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए और भविष्य में शांतिपूर्ण प्रदर्शन

कर रहे किसानों के साथ ऐसी कार्रवाई न हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के अधिकारों,

सम्मान और आजीविका से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रही है और आगे भी किसानों की आवाज

मजबूती से उठाती रहेगी। सरकार को टकराव के बजाय संवाद का रास्ता अपनाकर एमएसपी सहित

किसानों की मांगों पर ठोस निर्णय लेना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story