जींद : विश्वविद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर कुलपति को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
जींद : विश्वविद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर कुलपति को सौंपा ज्ञापन


जींद, 23 फ़रवरी (हि.स.)। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में छात्राओं की सुविधा, सुरक्षा एवं समान अवसर सुनिश्चित करने की मांग को लेकर सोमवार को वीसी प्रो. डा. रामपाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से विश्वविद्यालय जिम में महिला ट्रेनर की शीघ्र नियुक्ति की मांग की गई।

एनएसयूआई के विश्वविद्यालय अध्यक्ष जयदीप सिंधु ने कहा कि वर्तमान समय में विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में छात्राएं अध्ययन कर रही हैं और वे नियमित रूप से खेल व फिटनेस गतिविधियों में भाग लेना चाहती हैं लेकिन जिम में महिला ट्रेनर की अनुपस्थिति के कारण कई छात्राएं असहज महसूस करती हैं। जिससे वे जिम सुविधाओं का पूरा लाभ नहीं उठा पा रही हैं। यह स्थिति छात्राओं के आत्मविश्वास और शारीरिक विकास में बाधा उत्पन्न कर रही है। जयदीप सिंधु ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन का दायित्व है कि वह छात्राओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और सहज वातावरण प्रदान करे। महिला ट्रेनर की नियुक्ति से न केवल छात्राओं की भागीदारी बढ़ेगी बल्कि विश्वविद्यालय में लैंगिक समानता को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यदि मांग को गंभीरता से नही लिया गया तो संगठन छात्रहित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इस मौके पर सुशील सिहाग, अजमेर, मनजीत, अनुज कुंडू, रिंकी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story