जींद : पैंशनर्ज ने मांगों को लेकर लघु सचिवालय पर प्रदर्शन किया

WhatsApp Channel Join Now
जींद : पैंशनर्ज ने मांगों को लेकर लघु सचिवालय पर प्रदर्शन किया


जींद, 30 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय सरकारी कर्मचारी पेंशनर्स फैडरेशन के आह्वान पर बुधवार को रिटायर्ड कर्मचारी संघ के रिटायर्ड कर्मचारियों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और नगराधीश मोनिका के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजा। इससे पहले 24 घंटे के महापड़ाव में उपस्थित रिटायर्ड कर्मचारियों को जिला प्रधान विक्रम सिंह, सचिव राजकुमार श्योकंद, राज्य उपाध्यक्ष छज्जूराम नैन, रामप्यारी, बोहती देवी, राज्य उपाध्यक्ष आजाद पांचाल व किसान सभा के राज्याध्यक्ष मास्टर बलबीर सिंह ने संबोधित किया।

पड़ाव को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह ने कहा कि सरकार एक जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों और अधिकारियों को वेतन आयोग का पूरा लाभ नहीं देना चाहती है। इसलिए हम मांग करते हैं कि आठवें वेतन आयोग की टर्मस ऑफ रेफरेंस की समीक्षा जाए। उन्होंने बताया कि आगामी 12 दिसंबर को रामलीला मैदान दिल्ली में रिटायर्ड कर्मचारियों की बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। फिर भी यदि सरकार ने अपना अडिय़ल रवैया नहीं बदला तो अगले दिन 13 दिसंबर की कन्वैंशन में बड़े आंदोलन की घोषणा हो सकती है। राज्य उपाध्यक्ष छज्जूराम नैन ने कहा कि जब तक सरकार मांगें नहीं मानती तब तक रिटायर्ड कर्मचारी चैन से नहीं बैठेंगे।

इस अवसर पर मास्टर सतबीर सिंह, कर्मवीर सिंह संधू, मास्टर बलजीत सिंह, मनदीप नेहरा, बलवान सिंह खरकभूरा, ईश्वर सिंह ठाकुर, राजेंद्र सैनी, रामफल दलाल, राजकरण शर्मा, सहित अनेक रिटायर्ड कर्मचारी शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story