जींद : माकपा कार्यकर्ताओं ने किया शहर में प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
जींद : माकपा कार्यकर्ताओं ने किया शहर में प्रदर्शन


जींद : माकपा कार्यकर्ताओं ने किया शहर में प्रदर्शन


जींद, 18 जून (हि.स.)। माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, निजीकरण और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ गुरूवार को प्रदर्शन किया और एसडीएम जुलाना के माध्यम से मुख्यमंत्री हरियाणा के लिए संबोधित ज्ञापन भेजा।

प्रदर्शन से पहले कार्यकर्ताओं ने रोष बैठक की। बैठक को संबोधित करते हुए माकपा सचिव रमेश चंद्र ने कहा कि देश में बेलगाम महंगाई का मुख्य कारण केंद्र सरकार की अमेरिका परस्त आर्थिक और विदेश नीतियां हैं। मोदी सरकार अमेरिकी साम्राज्यवाद के सामने पूरी तरह नतमस्तक होकर देश की अर्थव्यवस्था को बड़े पूंजीपतियों के हितों के अनुसार चला रही है। पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि का असर खाद्यान्न, फल व सब्जियों और अन्य आवश्यक वस्तुओं पर पड़ रहा है। जिससे आम जनता का जीवन संकट में पड़ गया है।

रोजगार के अवसर लगातार घट रहे हैं और युवा निराशा तथा नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं। भाजपा सरकार जनता के बुनियादी सवालों से ध्यान हटाकर पूंजीपतियों के हित साधने में लगी हुई है। उन्होंने बिजली के स्मार्ट मीटरों, बिजली क्षेत्र के निजीकरण और किसानों के लिए अलग निगम बनाने के फैसले का विरोध करते हुए कहा कि इससे किसानों और उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। प्रदेश सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम वेतन भी अधिकांश मजदूरों को नहीं मिल रहा है। उन्होंने हरियाणा कौशल रोजगार निगम को समाप्त करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने तथा निर्माण मजदूरों के पोर्टल को सुचारु रूप से खोलने, मनरेगा मजदूरों को निर्माण मजदूर कल्याण बोर्ड में शामिल करने और मजदूर विरोधी शर्तों को समाप्त करने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story