जींद : बढ़ती पशु चोरी की घटनाओं को एसपी से मिले ग्रामीण
जींद, 26 फ़रवरी (हि.स.)। गांव ढाठरथ में बढ़ती पशु चोरी की वारदातों को लेकर ग्रामीण एसपी कुलदीप सिंह से मिले। ग्रामीणों का कहना था कि पिछले काफी समय से गांव में पशु चोरी की वारदातें हो रही हैं लेकिन इन पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। जिससे पशु पालकों को लाखों रुपये का नुक्सान हो रहा है।
ग्रामीणों ने गुरुवार काे मांग की कि पशु चोरी की वारदातों पर रोक लगाई जाए। एसपी ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गांव ढाठरथ के सरपंच बीरबल के नेतृत्व में ग्रामीण गुरूवार को एसपी कार्यालय पहुंचे और एसपी कुलदीप सिंह से मिले। उन्होंने कहा कि गांव में काफी पशु चोरी की वारदात हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने पशु चोरों के एक कैंटर को भी पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। कैंटर को चोरीशुदा बताया जा रहा है लेकिन उन्हें कैंटर मालिक पर पशु चोरी में शामिल होने का संदेह है। जिसे पुलिस गंभीरता से नहीं ले रही है।
सूचना पाकर पुलिस पीसीआर जब मौके पर पहुंची थी तो सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की थी। जिस पर पुलिस ने गांव के छह युवकों के खिलाफ मारपीट करने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। उन्होंने मांग की कि चोरी पशुओं को बरामद किया जाए, दर्ज किए मुकद्में को रद्द किया जाए, कैंटर मालिक से सख्ती से पूछताछ की जाए। एसपी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच निष्पक्षता से की जाएगी व पुलिस गश्त को बढ़ाया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

