जींद : सरकारी चिकित्सकों ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
जींद : सरकारी चिकित्सकों ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन


जींद, 1 दिसंबर (हि.स.)। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन ने सोमवार को मांगों को लेकर एसीएस हेल्थ को संबोधित ज्ञापन सीएमओ डा. सुमन कोहली को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से एसोसिएशन ने चेताया कि मांगें पूरी न होने पर आठ और नौ दिसंबर को पूर्ण हड़ताल रखी जाएगी और फिर भी बात नही बनी तो 10 दिसंबर से सरकारी अस्पतालों के चिकित्सक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। चिकित्सकों की मांगों में एसएमओ भर्ती में सुधार और एसीपी शामिल है।

ज्ञापन सौंपते हुए हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन के राज्य संयोजक और जिला प्रधान डा. बिजेंद्र ढांडा व डा. राजेश भोला ने बताया कि पिछले वर्ष सरकार ने वादा किया था कि डायरेक्ट एसएमओ की भर्ती बंद की जाएगी और सभी एसएमओ पद प्रमोशन से ही भरे जाएंगे। सर्विस रूल्स में संशोधन के लिए सहमति भी बनी थी लेकिन आज तक न नियम बदले गए और न ही भर्ती प्रक्रिया में कोई सुधार हुआ। इस कारण प्रदेशभर में एसएमओ पद खाली पड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि एचसीएमएस डाक्टरों को केंद्र के समान चार एसीपी देने की मांग पर भी सरकार ने गंभीरता नही दिखाई है। डॉक्टरों के आंदोलन के बाद तीन एसीपी (एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन) देने पर सहमति बनी थी।

ये थे पांच वर्ष पर 6600 ग्रेड पे, 10 वर्ष पर 8000 ग्रेड पे और 15 वर्ष पर 9500 ग्रेड पे। यह प्रस्ताव मुख्यमंत्री और वित्त विभाग ने स्वीकार कर लिया था लेकिन एक वर्ष बीत जाने पर भी इसकी अधिसूचना जारी नहीं की गई है। एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि सरकार खुद स्वीकृत फैसलों को भी लागू करने में कोई रुचि नहीं दिखा रही। जिसके चलते एसोसिएशन ने निर्णय लिया है कि आठ व नौ दिसंबर को ओपीडी, इमरजेंसी लेबर रूम, ओटीए पोस्टमार्टम सहित सभी सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी।

एसोसिएशन ने कहा कि यदि इसके बाद भी सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो 10 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने सरकार की असंवेदनशील और लापरवाह कार्यशैली की कड़ी आलोचना की। स्पेशलिस्ट को ही कंपनसेशन दिया जाए। एसपी का स्ट्रक्चर पांच, दस 15 पर मिल रहा है। यह 4, 9, 13, 20 वर्ष पर एसीपी मिले। इस मौके पर डा. संदीप मलिक, डा. विशाल सांगवान, डा. मनदीप, डा. मनजीत, डा. प्रमोद, डा. अभिनव भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story