नशे के खिलाफ ग्रामीण युवाओं ने लिया संकल्प, हांसी-हिसार रूट पर नियमित बस सेवा की मांग
सेवा संकल्प अभियान के तहत युवाओं से संवाद, नशा मुक्त भारत अभियान और टोल
फ्री नंबर 14446 की दी जानकारी
हिसार, 18 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत युवा सामाजिक कार्यकर्ता
एवं जिला नागरिक अस्पताल हिसार में कार्यरत जिला सुकून काउंसलर राहुल शर्मा ने ग्रामीण
युवाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता
मंत्रालय द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान की जानकारी देते हुए युवाओं से नशे
से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने नशा मुक्ति संबंधी सहायता के लिए टोल फ्री नंबर
14446 की जानकारी भी दी।
राहुल शर्मा ने शुुक्रवार काे युवाओं से कहा कि वे स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने गांव
और आसपास के क्षेत्र को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने नशे को
ना, जिंदगी को हां का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। युवाओं को संकल्प दिलाया
गया कि न तो वे स्वयं नशा करेंगे और न ही दूसरों को नशा करने देंगे। उन्होंने कहा कि
नशामुक्त युवा स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र की आधारशिला हैं। संवाद के दौरान युवाओं
को नशे के कारण बढ़ रहे महिला एवं बाल अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। साथ ही
सुकून केंद्र और स्वास्थ्य विभाग की नशा मुक्ति एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं की जानकारी
दी गई।
कार्यक्रम के बाद ग्रामीण युवाओं ने अपनी समस्याएं भी राहुल शर्मा के समक्ष
रखीं। युवाओं ने बताया कि हांसी से हिसार वाया कुतुबपुर, खरड़, अलीपुर न्याणा और रायपुर
रूट पर बस सेवा नियमित नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। कई बार बस
समय पर नहीं पहुंचती और कभी-कभी सेवा उपलब्ध ही नहीं होती। इससे कॉलेज, विश्वविद्यालय
और अन्य शिक्षण संस्थानों में जाने वाले विद्यार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता
है। बस नहीं मिलने पर कई विद्यार्थियों को वापस घर लौटना पड़ता है। युवाओं ने नियमित
बस सेवा उपलब्ध करवाने की मांग की।
राहुल शर्मा ने युवाओं की समस्याओं को सरकार और संबंधित विभाग तक पहुंचाकर
समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र
के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर मिलना जरूरी है, ताकि वे आगे बढ़कर देश
और प्रदेश के विकास में योगदान दे सकें। इस अवसर पर हरीश, रमन, साहिल, दीपक, राहुल
सहित अनेक युवा एवं युवतियां मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

