जींद : नर्सिंग ऑफिसर ने की पेन डाउन हड़ताल, सीएमओ कार्यालय पर किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
जींद : नर्सिंग ऑफिसर ने की पेन डाउन हड़ताल, सीएमओ कार्यालय पर किया प्रदर्शन


जींद, 09 जून (हि.स.)। स्वास्थ्य कर्मचारियों की तालमेल कमेटी के आह्वान पर मंगलवार को नागरिक अस्पताल जींद की नर्सिंग आफिसर ने सीएमओ कार्यालय के सामने नारेबाजी की। नर्सिंग आफिसर ने कुरुक्षेत्र में महिला आयोग की चेयरमैन रेनु भाटिया द्वारा नर्सिंग आफिसर के साथ अभद्र व्यवहार करने व उसकी बेटी को लेकर अनर्गल बात कहने पर रोष जताया। इसके बाद मांगों को लेकर सिविल सर्जन डा. सुमन कोहली को ज्ञापन सौंपा गया और मांग की गई कि महिला आयोग की चेयरमैन को सरकार पद से हटाए व सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। प्रदर्शनकारी नर्सिंग ऑफिसर के बीच डिप्टी सीएमओ डा. रमेश पांचाल भी पहुंचे और उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

सीएमओ कार्यालय के सामने प्रदर्शनकारी नर्सिंग ऑफिसर को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेता राममेहर वर्मा ने कहा कि नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने राज्य के सभी जिला एवं स्वास्थ्य संस्थानों में दो घंटे की पेन डाउन हड़ताल का ऐलान किया हुआ है। एसोसिएशन ने यह निर्णय हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया की ओर से कुरुक्षेत्र के सिविल अस्पताल में नर्सिंग अधिकारियों के प्रति कथित तौर पर की गई अभद्र टिप्पणी और गलत व्यवहार के विरोध में लिया है। संगठन का आरोप है कि नर्सिंग स्टाफ को बिना किसी ठोस आधार के मामले से जोडऩे का प्रयास किया गया। जिससे पूरे नर्सिंग समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। नर्सिंग ऑफिसर मनीषा बरसाना व सुनीता खटकड़ ने कहा कि संगठन ने महिला आयोग अध्यक्ष से पूरे नर्सिंग कैडर से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग भी उठाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story