जींद : ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने मांगों को लेकर लघु सचिवालय में निकाला पैदल मार्चा

WhatsApp Channel Join Now
जींद : ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने मांगों को लेकर लघु सचिवालय में निकाला पैदल मार्चा


जींद, 22 जुलाई (हि.स.)। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर बुधवार को ग्रामीण सफाई कर्मियों ने मांगों को लेकर शहर में प्रदर्शन किया और लघु सचिवालय तक मार्च किया और डीडीपीओ जींद संदीप भारद्वाज को पंचायत मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन से पहले ग्रामीण सफाई कर्मियों ने रोष बैठक की। बैठक की अध्यक्षता ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा के जिला प्रधान गुलाब बिरौली तथा साहब सिंह ने की। जबकि संचालन जिला सचिव पवन कुमार ने किया।

ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि 15 मई से शुरू हुई ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की हड़ताल और नरवाना से कुरुक्षेत्र तक निकाली गई पदयात्रा के दौरान 29 मई को पानीपत में पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी तथा पंचायत विभाग के महानिदेशक अनीश यादव के साथ लगभग छह घंटे तक वार्ता हुई थी। इस वार्ता में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की 18 मांगों में से 17 मांगों पर सहमति बनी थी और सरकार ने 30 जून तक इन मांगों से संबंधित आदेश जारी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक केवल एक आदेश जारी किया गया है। जबकि 16 महत्वपूर्ण मांगें अब भी लंबित हैं। वक्ताओं ने कहा कि सरकार यदि 29 मई के समझौते को शीघ्र लागू नहीं करती है, तो ग्रामीण सफाई कर्मचारी पूरे प्रदेश में अपना आंदोलन और तेज करेंगे। उन्होंने घोषणा की कि 10 अगस्त को प्रदेशभर में सत्याग्रह करते हुए जेल भरो आंदोलन चलाया जाएगा तथा सितंबर माह में मानसून सत्र के दौरान पंचकूला विधानसभा कूच के लिए कैथल और करनाल से दो पदयात्राएं निकाली जाएंगी। जिनमें प्रदेश के हजारों ग्रामीण सफाई कर्मचारी भाग लेंगे। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीटू जिला सचिव संदीप जाजवान, कपूर सिंह ने कहा कि सरकार को अपने किए हुए समझौते का सम्मान करते हुए सभी लंबित मांगों को तुरंत लागू करना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने 29 मई का समझौता लागू करने, बकाया मांगों का समाधान करने तथा कर्मचारियों के अधिकारों को सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story