सिरसा: बरसात व ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को मुआवजा दे सरकार : औलख
सिरसा, 04 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय किसान एकता (बीकेई) के प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने जिले के बरसात व ओलावृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर सरकार से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की है। किसान नेता ने कहा कि ओलावृष्टि और बरसात से रबी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। सरकार राजस्व विभाग द्वारा तुरंत गिरदावरी करवाकर प्रभावित किसानों को मुआवजा दे।
किसान ने औलख ने शनिवार को कहा कि जिन किसानों ने फसल बीमा करवाया हुआ है, उनके खेतों का कृषि विभाग व बीमा कंपनी द्वारा क्रॉप सर्वे करवाकर नुकसान की भरपाई सुनिश्चित की जाए। औलख ने कहा कि गांव पन्नीवाला रूलदू और गांव पाना में ओलावृष्टि, बरसात और तेज तूफान से गेहूं, जौ, सरसों, हरा चारा, सब्जियां व बागवानी सहित रबी की फसलें जमीन पर गिर गई हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को कुदरती कहर से भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। किसान नेता बताया कि प्रभावित क्षेत्रों के बारे में जिला प्रशासन को अवगत करवाया दिया गया है। किसानों की मांग की कि प्रभावित गांवों के लिए क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला जाए, जिससे किसान अपने नुकसान का आवेदन कर सकें। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित किसानों की खराब हुई फसलों का क्रॉप सर्वे कर जल्द बीमा क्लेम जारी किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

