जींद : बिजली निगम कर्मियों ने गेट बंद कर फूंकी इलेवन पावर के लाइसेंस की प्रतियां
जींद, 21 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा पावर इंजीनियर और कर्मचारी सांंझा मोर्चा के संयुक्त आह्वान पर बिजली निगम कर्मियों ने बुधवार को कार्यालय के गेट बंद कर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। निगम कर्मियों ने हरियाणा सरकार द्वारा गुरुग्राम और नूंह जिलों को बिजली सप्लाई हेतु सरकारी सिस्टम के पेरलेल बिजली सप्लाई का लाइसेंस दिए जाने को लेकर रोष जताते हुए इसे रद्द करने की मांग की। सर्किल जींद के बिजली कर्मचारीयों ने सरकार द्वारा पावर 11 कंपनी को दिए लाइसेंस की प्रतियां भी जलाई गई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विकास मलिक ने कहा कि सरकार द्वारा बिजली क्षेत्र में लिए जा रहे कर्मचारी एवं उपभोक्ता विरोधी निर्णयों, स्मार्ट मीटर योजना, बिजली वितरण निगमों के पुनर्गठन, पावर लाइसेंस जारी करने तथा कर्मचारियों की लंबित मांगों की लगातार अनदेखी के कर कर्मियों को आंदोलन के लिए मजबूर कर रही है। प्रदेश के कच्चे व पक्के फोरमैन, जेई, एसडीओ, एक्सईएन, एससी लेवल तक के अधिकारी 22 से 24 अक्टूबर को कलम छोड़ हडताल पर रहेंगे।
प्रदेशभर के लगभग 45 हजार बिजली कर्मचारी हडताल में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि बिजली का निजीकरण उपभोक्ताओं के हक में नही है अगर बिजली प्राइवेट हाथों में चली गई तो बिजली के रेट महंगें हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने समय रहते कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया है। जिससे आंदोलन को और तेज किया गया है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे आगामी 22 से 24 अक्टूबर की प्रस्तावित हड़ताल में बढ़चढ़ कर भाग लें। इस मौके पर इंजीनियर अमित सिंह, अनिल पूनिया, धर्मबीर भम्भेवा, सीता राम पांचाल, सुनील छाछिया, जोगिंदर अलेवा, नरेंद्र, भारत भूषण, मनोज कुमार, अमित कुमार तथा अन्य काफी कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

