झज्जर : नफे राठी के हत्यारोपी व साजिशकर्ता जल्द हों गिरफ्तार:अभय चौटाला
झज्जर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। इंडियन नेशनल लोकदल के अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने सरकार से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रहे नफे सिंह राठी की हत्या के आरोपियों और साजिशकर्ताओं को शीघ्र गिरफ्तार करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। वह बुधवार को बहादुरगढ़ में आयोजित नफे सिंह राठी श्रद्धांजलि सभा को संबोधित कर रहे थे।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि नफे सिंह राठी की हत्या को आज दो वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक दोषियों के खिलाफ कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। साजिशकर्ताओं व हत्यारों को बचाया जा रहा है। सरकार जल्द से जल्द नफे सिंह राठी के हत्यारों व साजिशकर्ताओं को पकड़ कर सलाखों के पीछे डाले ताकि परिवार को न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक वरिष्ठ नेता की हत्या के मामले में भी सरकार गंभीरता नहीं दिखा पाई।
अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो की सरकार बनने पर अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। अपराधियों के लिए प्रदेश में कोई स्थान नहीं होगा। या तो वे अपराध छोड़ेंगे या प्रदेश छोडेंगे, अन्यथा उन्हें सलाखों के पीछे डाला जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गुंडों को प्रोटेक्शन मनी देने वाले और उन्हें संरक्षण देने वाले लोगों को भी किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितने भी प्रभावशाली क्यों न हो।
उन्होंने बीपीएल कार्ड के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा और कहा कि चुनाव के दौरान हरियाणा के लगभग 76 प्रतिशत लोगों के बीपीएल कार्ड बनाए गए, जिसका सरकार को राजनीतिक लाभ मिला। अब लगभग 14 लाख राशन कार्ड काट दिए गए, जिससे गरीब परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि इनेलो पार्टी नफे सिंह राठी के आदर्शों व संघर्ष की राह पर चलते हुए प्रदेश की जनता के अधिकारियों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। सभा को शीला नफे सिंह राठी, कपूर सिंह राठी, भूपेंद्र राठी, जितेंद्र राठी, प्रीति राठी सहित इनेलो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रकाश भारती व पार्टी के जिलाध्यक्ष सतपाल पहलवान ने भी संबोधित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज

