हरियाणा सरकार का फैसला: प्रदेश में एक लाख से अधिक जनसंख्या वाले शहरों के बाहर बनेंगे रिंग रोड

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा सरकार का फैसला: प्रदेश में एक लाख से अधिक जनसंख्या वाले शहरों के बाहर बनेंगे रिंग रोड


हरियाणा सरकार का फैसला: प्रदेश में एक लाख से अधिक जनसंख्या वाले शहरों के बाहर बनेंगे रिंग रोड


-फाइनेंशियल मॉडल फॉर स्टेट कंट्रीब्यूशन को लेकर हुई बैठक

चंडीगढ़, 12 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आमजन के लिए बेहतर आवागमन सुनिश्चित करने के लिए एक लाख से अधिक जनसंख्या वाले शहरों एवं कस्बों के बाहर रिंग रोड़ एवं नेशनल हाईवे बनाने के कार्य को मंजूरी प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग से शहरी क्षेत्र में भीड़भाड कम करने के लिए मास्टर प्लान के तहत एडॉप्शन ऑफ फाइनेंशियल मॉडल फॉर स्टेट कंट्रीब्यूशन को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में लोक निर्माण विभाग के मंत्री रणबीर गंगवा, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मास्टर प्लान के तहत बाह्य रिंग रोड़ एवं नेशनल हाईवे बनाने के लिए केन्द्र सरकार अनुसार पॉलिसी तैयार की जाए, ताकि शहरों एवं कस्बों में ट्रैफिक के दबाव कम करने के लिए बनाई जाने वाली सडक़ों को अमलीजामा पहनाया जा सके।

बैठक के दौरान केन्द्र सरकार के लागत शेयर के लिए वित्त विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा शहरी स्थानीय निकाय के अधिकारियों की तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बैठक में हिसार बाईपास, कुरूक्षेत्र बाईपास, नारनौल सिटी बाईपास, जीन्द बाईपास तथा सोहना पलवल बाईपास निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान की। हिसार बाईपास, हिसार-राजगढ रोड़ एन एच 52 से हिसार देहली रोड़ तथा हिसार कैथल रोड़ से जोडऩे का कार्य करेगा। इसी प्रकार कुरूक्षेत्र लाडवा बाईपास की भी डीपीआर तैयार कर ली गई है। जल्द ही इस परियोजना पर भी कार्य आरम्भ किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नारनौल सिटी बाईपास का भी निर्माण किया जाएगा। लगभग 11 किलोमीटर लंबे इस बाईपास को स्टेट हाईवे एनएच 148 बी से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा जींद के दूसरी तरफ बाह्य रिंग रोड़ एवं बाईपास एनएच 352 चार मार्गीय सडक़ का निर्माण किया जाएगा। एनएच 919 से पलवल सोहना बाईपास को भी जीर्णोद्वार एवं रि-डिजाइन कर निर्माण किया जाएगा। यह चार मार्गीय सडक़ मार्ग लगभग 24 किलोमीटर लंबाई का होगा। इन परियोजनाओं पर लगभग 9700 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डीएनडी-फरीदाबाद-बल्लभगढ बाईपास केएमपी लिंक से देहली मुंबई एक्सप्रेस वे ग्रीनफिल्ड कनेक्टिविटी जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोडऩे के लिए भी तैयार किया जाएगा। इसके अलावा करनाल रिंग रोड़ के लिए भी भूमि शेयर जमा करवा दिया गया है। अंबाला शहर एवं अंबाला कैंट से जोडऩे के लिए रिंग रोड़ का कार्य भी निर्माणाधीन है। इसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।

बैठक में रेवाड़ी भटिंडा रेलवे लाईन पर सिरसा में सिविल स्टेशन रोड पर रेलवे अंडर ब्रिज निर्माण तथा कनीना महेन्द्रगढ रोड़ से अनावास, ढाणी राजावास स्कूल से बलाना, खातोद से बुड़ीन, निम्भेड़ा और बलैचा के लिए लिंक रोड़, महेन्द्रगढ बुचौली रोड़, नांगवास से अटेली सडक़़ के अतिरिक्त कार्य को भी मंजूरी प्रदान की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story