यमुनानगर:कर्ज विवाद में युवक ने की आत्महत्या, तीन के खिलाफ मामला दर्ज
यमुनानगर, 04 जून (हि.स.) यमुनानगर जिले के गांव ककड़ौनी में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उधार लिए गए पैसे की वापसी को लेकर लगातार बनाए जा रहे दबाव और कथित धमकियों से परेशान होकर व्यक्ति ने यह कदम उठाया।
पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में मृतक अमन कुमार की पत्नी सोनम देवी ने बताया कि उनके पुत्र केशव के सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के लिए भारी धनराशि की आवश्यकता पड़ी थी।
इसी दौरान परिवार ने अपने एक रिश्तेदार से 2.90 लाख रुपये उधार लिए थे। शिकायत के अनुसार, राशि का एक हिस्सा अमन कुमार तथा शेष धनराशि सोनम देवी के खाते में प्राप्त हुई थी।
परिवार का दावा है कि बाद में एक लाख रुपये बैंक माध्यम से तथा 50 हजार रुपये नकद लौटाए जा चुके थे। इसके बावजूद उधार देने वाले पक्ष ने कथित रूप से अधिक पैसों की मांग करते हुए धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई, जिसकी जांच आर्थिक अपराध शाखा में चल रही है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्यक्तियों द्वारा लगातार फोन कॉल और व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से पैसे वापसी का दबाव बनाया जा रहा था तथा कानूनी कार्रवाई में फंसाने की चेतावनी दी जा रही थी। बताया गया कि गुरुवार सुबह वह घर से निकले थे। कुछ समय बाद उन्हें सूचना मिली कि अमन ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है।
गंभीर अवस्था में उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। व्यासपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

