पानीपत: ट्रैक्टर की चपेट में आने से श्रमिक की मौत
पानीपत, 07 जून (हि.स.)। पानीपत में जीटी रोड पर पुलिस लाइन के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ रहे ट्रैक्टर से नीचे गिरने के कारण एक श्रमिक की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनियंत्रित ट्रैक्टर का पिछला पहिया सीधे मजदूर के सिर के ऊपर से उतर गया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आरोपी ट्रैक्टर चालक वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।
सेक्टर-29 थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर फरार ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। सेक्टर-29 थाना पुलिस को दी गई शिकायत में पानीपत की नूरवाला स्थित गीता कॉलोनी निवासी महिला ने बताया कि उसका पति ठेकेदार धर्मवीर के पास मजदूरी और बेलदारी का काम करता था। छह जून को ठेकेदार ने उसके पति धर्मवीर और ट्रैक्टर के ड्राइवर को एक साथ समालखा की तरफ ट्रैक्टर में ईंटें छोड़कर आने के लिए भेजा था। समालखा में ईंटें उतारने के बाद दोनों ट्रैक्टर पर सवार होकर वापस पानीपत की तरफ लौट रहे थे। पीड़ित महिला का आरोप है कि वापसी के दौरान ट्रैक्टर चालक ट्रैकर को बेहद तेज रफ्तार, गफलत और लापरवाही से चला रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर जीटी रोड पर पुलिस लाइन पानीपत से थोड़ा पहले पालीवाल फैक्ट्री के पास पहुंचा, तो ड्राइवर की लापरवाही के कारण ट्रैक्टर को एक जोरदार झटका लगा।
गति तेज होने के कारण ट्रैक्टर पर बैठे धर्मवीर का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और वह उछलकर सीधे नीचे सड़क पर आ गिरा। इससे पहले कि धर्मवीर खुद को संभाल पाता, तेज रफ्तार ट्रैक्टर का भारी-भरकम पिछला पहिया सीधे उसके सिर को कुचलता हुआ ऊपर से निकल गया। सिर पर गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण धर्मवीर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

