सोनीपत: वाहन की टक्कर से कांवड़िए की मौत, साथी घायल

WhatsApp Channel Join Now
सोनीपत: वाहन की टक्कर से कांवड़िए की मौत, साथी घायल


सोनीपत, 11 अगस्त (हि.स.)। गन्नौर

निवासी 18 वर्षीय कांवड़िए कुणाल मलिक की मंगलवार सुबह उत्तर प्रदेश के शामली क्षेत्र

में सड़क हादसे में मौत हो गई। कुणाल अपने करीब 15 साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल

लेकर डाक कांवड़ के जरिए गन्नौर लौट रहा था। बनत गांव के पास वाहन की टक्कर से कुणाल

और उसका साथी अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को शामली सामुदायिक स्वास्थ्य

केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कुणाल को मृत घोषित कर दिया। अक्षय का उपचार चल

रहा है।

जानकारी

के अनुसार गन्नौर की शास्त्री नगर निवासी कुणाल मलिक करीब 15 अन्य दोस्तों के साथ

सात अगस्त को हरिद्वार के लिए रवाना हुआ था। टोली में कुल 16 कांवड़िए थे। गंगाजल लेकर

सभी वापस गन्नौर लौट रहे थे। मंगलवार सुबह करीब सात बजे शामली क्षेत्र के बनत गांव

के पास कुणाल और अक्षय किसी वाहन की चपेट में आ गए। हादसे के समय टोली के अन्य सदस्य

उनसे आगे निकल चुके थे।

सूचना

मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कुणाल के शव को

कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए

आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटा रही है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस

के अनुसार वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

कुणाल

की मौत की सूचना मिलते ही गन्नौर स्थित परिवार में मातम छा गया। प्रयास इंटरनेशनल स्कूल,

गन्नौर में भी शोक व्याप्त है। कुणाल कक्षा 12 वाणिज्य का छात्र था। विद्यालय प्रबंधन

ने बताया कि वह विनम्र, अनुशासित और होनहार छात्र था। प्रबंधन निदेशक अमित बत्रा, डॉ.

सुनीरा जैन, रुचिका बत्रा, प्रधानाचार्य सुरेन्द्र छाबड़ा और उपप्रधानाचार्य दीप माला

ने शोक व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत

छात्र की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Share this story