पानीपत: सीवर को सफाई करने उतरे दो श्रमिकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now

पानीपत, 05 मई (हि.स.)। पानीपत में एसटीपी प्लांट की सीवरेज की ब्लॉकेज खोलने उतरे दो श्रमिकों की सोमवार की रात को जहरीली गैस चढ़ने से मौत हो गई। जिनकी पहचान जींद निवासी अजय वी बिहार निवासी सौरव के रूप में हुई है। दोनों मृतक युवक जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव देवेंद्र कादियान की हैचरी में काम करते थे।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान बिहार निवासी सौरव और जींद निवासी अजय के रूप में हुई है। मृतक अजय देवेेंद्र कादियान की रिश्तेदारी में पड़ता है। जेजेपी नेता देवेंद्र कादियान ने बताया की ये दोनों से लंबे समय से श्रमिक के तौर पर कार्यरत थे। उन्होंने बताया की चौटाला रोड से गुजरने वाले हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के एसटीपी प्लांट की सीवर लाइन में काफी समय से ब्लॉकेज की समस्या आ रही थी। सौरव और अजय इसी ब्लॉकेज को देखने और ठीक करने के लिए सीवर हॉल के भीतर उतरे थे, लेकिन जैसे ही वे अंदर गए, वहां जहरीली गैस के कारण उनका दम घुटने लगा। कुछ ही देर में दोनों अचेत हो गए और उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद जेजेपी के राष्ट्रीय महासचिव देवेंद्र कादियान ने एचएसवीपी विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सीवर लाइन का रखरखाव सही न होने के कारण यह हादसा हुआ। वहीं, परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे की तुरंत सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची। अगर समय रहते चिकित्सकीय सहायता मिल जाती, तो शायद दोनों युवकों की जान बचाई जा सकती थी।

परिजनों का कहना है कि हॉल के अंदर जहरीली गैस का जबरदस्त रिसाव हो रहा था, जिसकी जानकारी श्रमिकों को नहीं थी। बिना सुरक्षा उपकरणों और जानकारी के हॉल में उतरना उनके लिए काल बन गया मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम सोमवार की रात को ही मौके पर पहुंची और भारी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है। पुलिस ने मंगलवार को दोनों श्रमिकों के पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story