पानीपत में करंट लगने से पूर्व लाइनमैन की मौत

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत में करंट लगने से पूर्व लाइनमैन की मौत


पानीपत, 26 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत के गांव सींक में बिजली ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़े एक व्यक्ति की करंट लगने से नीचे गिरकर मौत हो गई। परिजनों ने बिजली निगम के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक की पहचान गांव सींक निवासी 40 वर्षीय राजेश के रूप में हुई है। मृतक के चाचा डॉ. राज सिंह ने बताया कि राजेश पहले डीसी रेट पर बिजली निगम में लाइनमैन कार्यरत था।

विभाग ने करीब पांच साल पहले डीसी रेट पर रखे गए कर्मचारियों को हटा दिया था, जिनमें राजेश भी शामिल था। इसके बावजूद, क्षेत्र के अधिकारी अक्सर बिजली के तारों में आई तकनीकी कमियों को दूर करने के लिए राजेश को ही बुलाते थे। बीती शाम को राजेश को फिर से काम के लिए बुलाया गया था। वह गांव के ही खेतों में लगे एक बिजली के खंभे पर फॉल्ट ठीक करने पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि राजेश को बिना किसी सुरक्षा उपकरणों के पोल पर चढ़ाया गया।

जब वह ऊपर चढ़कर काम कर रहा था, तभी अचानक बिजली की सप्लाई चालू कर दी गई। करंट लगने के कारण वह झटके से नीचे जमीन पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां मौजूद अन्य कर्मचारी राजेश को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे दूसरे बड़े अस्पताल के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही राजेश ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने अधिकारियों पर आरोप लगाया कि विभाग उसे बुलाता तो काम के लिए था, लेकिन सुरक्षा के प्रति पूरी तरह लापरवाही के कारण राजेश की जान गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story