हांसी : फसल बर्बाद देख खेत में बेसुध हुआ किसान,हुई मौत

WhatsApp Channel Join Now
हांसी : फसल बर्बाद देख खेत में बेसुध हुआ किसान,हुई मौत


परिजनों ने जताई सदमे से तबीयत बिगड़ने की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा

स्पष्ट कारण

हांसी, 12 सितंबर (हि.स.)। जींद रोड स्थित गंगन खेड़ी गांव में फसल खराब होने

से परेशान एक किसान की खेत में अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन और ग्रामीण उसे ट्रैक्टर

से हांसी के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित

कर दिया। मृतक की पहचान गांव निवासी 55 वर्षीय विजेंद्र के रूप में हुई है। परिजनों

ने फसल बर्बाद होने से गहरे सदमे में तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई है। हालांकि, मौत

की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मृतक के बेटे बबलू ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे उसके पिता विजेंद्र

अपने छोटे भाई राजू के साथ खेत में पानी लगाने गए थे। खेत में पहुंचने के बाद विजेंद्र

ने राजू से कहा कि वह पीछे से खाल में पानी खोलकर आता है। काफी देर तक जब वह वापस नहीं

आया तो राजू उसे देखने के लिए गया। वहां विजेंद्र खेत में बेसुध पड़ा मिला। राजू ने

तुरंत बबलू को फोन कर घटना की सूचना दी।

इसके बाद परिजन और आसपास के किसान विजेंद्र को ट्रैक्टर से पर नागरिक अस्पताल

लेकर पहुंचे। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बबलू ने बताया कि वह एक भाई और एक बहन हैं और दोनों शादीशुदा हैं। वह हांसी

में ट्रैक्टर मैकेनिक के पास काम करता है। उसके अनुसार, उसके पिता पिछले काफी समय से

फसल खराब होने को लेकर परेशान थे। विजेंद्र अक्सर कहते थे कि पिछली बार भी फसल नहीं

हुई थी और इस बार भी खड़ी फसल बर्बाद हो गई। परिजनों का कहना है कि खेत में फसल की

खराब हालत देखकर विजेंद्र को गहरा सदमा लगा होगा, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। सूचना

मिलने पर पुलिस ने नागरिक अस्पताल पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर मृतक के बेटे बबलु

के बयान पर इत्तेफाकिया करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया।

विजेंद्र की मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story