पलवल में दो भाइयों पर जानलेवा हमला: छह आरोपी गिरफ्तार, हथियारों से लैस होकर की थी वारदात

WhatsApp Channel Join Now
पलवल में दो भाइयों पर जानलेवा हमला: छह आरोपी गिरफ्तार, हथियारों से लैस होकर की थी वारदात


पलवल, 31 मार्च (हि.स.)। जिले के मुंडकटी थाना क्षेत्र में दो भाइयों पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीआईए की टीम ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात बंचारी गांव स्थित एक निजी कंपनी परिसर के पास हुई थी, जिसकी पूरी घटना वहां लगे कैमरों में कैद हो गई थी।

डकौरा गांव निवासी भगत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि तीन मार्च को वह अपने छोटे भाई मनोज कुमार के साथ बंचारी पंचायत भवन के पास एक कंपनी के बाहर बैठे थे। तभी बिना नंबर प्लेट की एक सफेद कार में सवार होकर सात युवक मौके पर पहुंचे।

आरोप है कि युवकों के हाथों में तमंचा, तलवार, लोहे की रॉड और हॉकी जैसे हथियार थे। जब दोनों भाइयों ने शांति बनाए रखने की बात कही, तो आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया। जान बचाने के लिए मनोज कंपनी परिसर के अंदर भागा, लेकिन हमलावर दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए और फावड़े व लोहे की रॉड से बेरहमी से मारपीट की।

हमले के बाद आरोपियों ने बाहर खड़ी मनोज की कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना कंपनी में लगे कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिले।

सीआईए प्रभारी रविंद्र कुमार ने मंगलवार को बताया कि एएसआई श्रीचंद की टीम ने जांच के दौरान बंचारी गांव निवासी कृष्णा और प्रशांत को पहले गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर अन्य आरोपी गौरव, बबली, देवेंद्र और योगेश को भी पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त गाड़ी और डंडे बरामद किए हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story