सोनीपत: डीसीआरयूएसटी में एक पौधा मां के नाम अभियान, नए विद्यार्थियों को जिम्मेदारी
सोनीपत, 31 जुलाई (हि.स.)। मुरथल
स्थित दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में शुक्रवार काे पर्यावरण संरक्षण
को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक पौधा मां के नाम अभियान का शुभारंभ किया गया। कुलगुरु
प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने अपनी माताजी के नाम पर पहला पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत
की।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाला प्रत्येक नया विद्यार्थी अपनी
मां के नाम पर एक पौधा लगाएगा और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएगा। कार्यक्रम
में हरियाणा राज्य उच्चतर शिक्षा परिषद के अध्यक्ष प्रो. के.सी. शर्मा, प्रो. एस.के.
गखर, परियोजना समन्वयक आर.एस. राठौर, संयुक्त निदेशक सुरेंद्र सिंह तथा परियोजना प्रबंधक
अपूर्व पांडे ने भी पौधारोपण कर अभियान में भागीदारी की। कुलगुरु प्रो. श्री प्रकाश
सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि
उनका संरक्षण और पालन-पोषण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों
से पौधों को परिवार के सदस्य की तरह संभालने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधे
शुद्ध वायु, फल, छाया और औषधियां प्रदान करते हैं तथा प्रकृति का संतुलन बनाए रखने
में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने
कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को हरियाणा के मुख्यमंत्री
नायब सिंह सैनी और शिक्षामंत्री महिपाल डांडा के नेतृत्व में आगे बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय
पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगा। उन्होंने लोगों से जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य
शुभ अवसरों पर कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। विश्वविद्यालय
प्रशासन का कहना है कि यदि एक पौधा माँ के नामअभियान को जनभागीदारी से आगे बढ़ाया गया,
तो डीसीआरयूएसटी परिसर अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनेगा तथा आने वाली पीढ़ियों
को बेहतर प्राकृतिक वातावरण मिल सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

