जींद : सीएम विंडो की शिकायत में लापरवाही पर नाै अधिकारियाें काे नाेटिस जारी

WhatsApp Channel Join Now
जींद : सीएम विंडो की शिकायत में लापरवाही पर नाै अधिकारियाें काे नाेटिस जारी


जींद, 02 नवंबर (हि.स.)। सीएम विंडो पर आने वाली आमजन की शिकायतों के निपटारे में लापरवाही बरतना अधिकारियों और कर्मचारियों को भारी पड़ रहा है। शिकायतों का संतोषजनक समाधान नहीं करने और कार्य में ढिलाई बरतने पर उपायुक्त डा. वैशाली शर्मा ने कड़ा रुख अपनाते हुए विभिन्न विभागों के नौ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शोकॉज नोटिस जारी किए हैं। डीसी की इस कार्रवाई से संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया है।

सोमवार को सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा के दौरान डीसी ने पाया कि कई विभागों की ओर से शिकायतों के निवारण में अपेक्षित गंभीरता नही दिखाई जा रही है। इस पर उन्होंने बीडीपीओ नरवाना, बीडीपीओ जुलाना, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम जींद के कार्यकारी अभियंता, जीएम टेलीकॉम जींद, नगर पालिका उचाना के सचिव, एसबीआई बैंक के मैनेजर, आधार कार्ड के जिला समन्वयक, जीएम हैफेड तथा लोक निर्माण विभाग जींद के कार्यकारी अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी किए।

डीसी डा. वैशाली शर्मा ने स्पष्ट किया कि सीएम विंडो आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक नागरिक को इस पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करवाने का अधिकार है। संबंधित विभाग के अधिकारी की जिम्मेदारी है कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय में उसका प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करें। शिकायतों के समाधान में लापरवाही और अनावश्यक देरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीसी डा. वैशाली शर्मा ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग से संबंधित लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करें। शिकायतकर्ता की समस्या को पूरी गंभीरता से समझ कर उसका स्थायी और गुणवत्तापूर्ण समाधान करवाएं। उन्होंने कहा कि केवल पोर्टल पर शिकायत का निपटारा दर्शा देना पर्याप्त नहीं है। संबंधित विभाग को की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी अपलोड करनी होगी ताकि शिकायत के वास्तविक समाधान की स्थिति स्पष्ट हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771321 Articles

Share this story