कैथल: शिक्षण सामग्री के गतिविधि आधारित इस्तेमाल से बच्चों की दक्षताएं निखारें शिक्षक : डीसी अपराजिता

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: शिक्षण सामग्री के गतिविधि आधारित इस्तेमाल से बच्चों की दक्षताएं निखारें शिक्षक : डीसी अपराजिता


कैथल, 21 सितंबर (हि.स.)। निपुण हरियाणा मिशन के तहत सोमवार को लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में जिला संचालन समिति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले के प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों के बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान की स्थिति, विद्यार्थियों के अधिगम स्तर और शिक्षकों को दिए जा रहे प्रशिक्षण सहित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीसी अपराजिता ने कहा कि निपुण हरियाणा मिशन का उद्देश्य बच्चों को उनकी कक्षा के अनुरूप पढ़ने, समझने और गणितीय दक्षताओं में सक्षम बनाना है। इसके लिए विद्यालयों में कक्षा शिक्षण को बच्चों की वास्तविक जरूरतों के अनुसार प्रभावी बनाने की आवश्यकता है।

उन्होंने शिक्षकों से कहा कि कक्षा में उपलब्ध शिक्षण-अधिगम सामग्री का केवल प्रदर्शन तक सीमित न रखते हुए उसका गतिविधि आधारित प्रयोग किया जाए। इससे बच्चों को विषयों को समझने और उनका व्यावहारिक अभ्यास करने में मदद मिलेगी। उन्होंने विद्यालयों में बच्चों के अधिगम स्तर की नियमित जांच करने और जिन विद्यार्थियों को अतिरिक्त सहयोग की जरूरत है, उनके लिए उपचारात्मक शिक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

डीसी ने प्राथमिक कक्षाओं में गणितीय दक्षताओं को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने जोड़, घटाव, गुणा, भाग, बंडल में गिनती और पैटर्न जैसी बुनियादी दक्षताओं के नियमित अभ्यास और आंकलन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की सीखने की गति और समझ में सुधार लाने पर लगातार काम किया जाना चाहिए। इस दौरान विद्यालयवार ड्यूल डेस्क की स्थिति की भी समीक्षा की गई। डीसी ने विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त और उचित फर्नीचर उपलब्ध करवाने पर जोर दिया। जिला निपुण समन्वयक नरेश कुमार ने मिशन के तहत जिले में संचालित गतिविधियों और अब तक की प्रगति की जानकारी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story