पानीपत: मां की डांट से आहत हो बेटी ने फंदा लगाकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: मां की डांट से आहत हो बेटी ने फंदा लगाकर दी जान


पानीपत, 11 जून (हि.स.)। पानीपत सनौली रोड स्थित आर्य नगर में एक 19 साल की युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान खुशबू के रूप में हुई है। परिवार के अनुसार, खुशबू ने कक्षा सात तक पढ़ाई करने के बाद करीब पांच साल पहले स्कूल छोड़ दिया था। इसके बाद वह अमूमन घर पर ही रहती थी और घर पर रहकर उर्दू की तालीम ले रही थी।

खुशबू अपने छह भाई-बहनों में चौथे नंबर पर थी। अभी महज 11 दिन पहले ही खुशबू की बड़ी बहन की शादी हुई थी, जिसकी वजह से घर में अभी भी शादी का माहौल था और रिश्तेदार मौजूद थे। खुशबू के पिता इसराइल और मां शबनम दोनों ही फैक्ट्री में करते है। माता-पिता के काम पर चले जाने के बाद अक्सर घर में खुशबू और उसके छोटे भाई-बहनों के बीच किसी न किसी बात को लेकर कहासुनी और झगड़ा होता रहता था।

बुधवार को भी जब माता-पिता फैक्ट्री में काम पर गए तो पीछे से बच्चों में आपस में विवाद हो गया। जब मां शबनम काम से लौटकर घर आई, तो उसने इसी बात को लेकर खुशबू को कड़ी डांट लगा दी। मां ने डांटते हुए खुशबू से यहां तक कह दिया कि अब वह घर पर खाली नहीं बैठेगी, बल्कि अब से उसे भी मां के साथ काम पर चलना होगा। मां की इसी डांट और काम पर चलने की बात को खुशबू बर्दाश्त नहीं कर पाई और वह गहरे सदमे में आ गई। इसी बात से परेशान होकर उसने बुधवार की रात को घर के भीतर फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

जब परिजनों ने खुशबू को फंदे पर लटका देखा, तो घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह भिजवा दिया। पुलिस ने गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story