पंचकूला में करोड़ों की हेराफेरी में डाटा एंट्री ऑपरेटर काबू

WhatsApp Channel Join Now

-अदालत ने पांच दिन के रिमांड पर भेजा

चंडीगढ़, 16 नवंबर (हि.स.)। पंचकूला जिला अस्तपाल में डीएनबी (डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड) स्टाइपेंड बिलों में हेराफेरी कर करोड़ों रुपये की सरकारी राशि के गबन के मामले में पुलिस ने डाटा एंट्री ऑपरेटर राजेश मल्होत्रा को गिरफ्तार किया है।

सेक्टर-7 थाना पुलिस ने सोमवार को उसे अदालत में पेश करने के बाद आरोपित को पांच दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान गबन की रकम की रिकवरी के प्रयास करेगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस घोटाले में कितने अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे, सरकारी राशि किन बैंक खातों में ट्रांसफर हुई और आगे किन लोगों तक पहुंची। जांच के लिए पुलिस अस्पताल प्रशासन से संबंधित रिकॉर्ड और डाटा जुटा रही है। स्टाइपेंड बिलों, भुगतान विवरण, बैंक स्टेटमेंट और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों का मिलान किया जाएगा। पुलिस ने कहा कि जांच राजेश मल्होत्रा तक सीमित नहीं रहेगी। पूछताछ में अन्य कर्मचारियों, अधिकारियों या बाहरी व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल के पीएमओ ने 14 अक्टूबर को पुलिस उपायुक्त को शिकायत भेजी थी। इसमें डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत राजेश मल्होत्रा के संबंध में डीएनबी स्टाइपेंड बिलों की प्रक्रिया में अनियमितताओं और सरकारी धनराशि के संदिग्ध हस्तांतरण का आरोप लगाया गया था। मामले की जांच के लिए अस्पताल प्रशासन ने भी कमेटी बनाई थी। कमेटी की प्रारंभिक जांच में डीएनबी स्टाइपेंड बिलों में बदलाव और संबंधित बैंक खातों के जरिए सरकारी धनराशि के हस्तांतरण में अनियमितताएं सामने आई थी। शिकायत और कमेटी की जांच के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778107 Articles

Share this story