हिसार : नशे की लत व्यक्ति के साथ समाज और राष्ट्र के लिए भी घातक : प्रो. बीआर कम्बोज

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : नशे की लत व्यक्ति के साथ समाज और राष्ट्र के लिए भी घातक : प्रो. बीआर कम्बोज


हकृवि में ‘हमारा युद्ध, नशे के विरुद्ध’ कार्यक्रम आयोजित

विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकालकर दिया नशामुक्ति का संदेश

हिसार, 19 नवंबर (हि.स.)। यहां के हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौलिक विज्ञान

एवं मानविकी महाविद्यालय में विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत ‘हमारा युद्ध, नशे के

विरुद्ध’ नशामुक्त युवा कार्यक्रम

आयोजित किया गया। छात्र कल्याण निदेशालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय

के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज मुख्य अतिथि और समाजसेवी सरदार जसबीर सिंह मुख्य वक्ता

के रूप में उपस्थित रहे।

कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने गुरुवार काे कहा कि नशे की लत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को

ही प्रभावित नहीं करती, बल्कि उसकी सोच, परिवार की खुशियों, सामाजिक संरचना और राष्ट्र

की प्रगति को भी कमजोर करती है। युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी शक्ति और भविष्य के

निर्माता होते हैं। यदि युवा ही नशे की गिरफ्त में आ जाएं तो देश की विकास यात्रा प्रभावित

होती है। इसलिए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं का स्वस्थ, जागरूक,

अनुशासित और नशामुक्त होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल सरकार

या किसी एक संस्थान की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। इस

अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है।

मुख्य वक्ता समाजसेवी सरदार जसबीर सिंह ने कहा कि भारत युवाओं का देश है और

विश्व में सबसे अधिक युवा हमारे देश में हैं। समाज और राष्ट्र की प्रगति में युवाओं

का महत्वपूर्ण योगदान है। समाज को नशामुक्त बनाने में शिक्षण संस्थान अग्रणी भूमिका

निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण के साथ भारत को विकसित

राष्ट्र बनाने के लिए भी आगे आने का आह्वान किया।

छात्र कल्याण निदेशक डॉ. मदन खीचड़ ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि

नशे से दूरी बनाए रखना केवल व्यक्तिगत संकल्प नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र

के प्रति जिम्मेदारी भी है। डॉ. चंद्रशेखर डागर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया,

जबकि मंच संचालन छात्रा निशिता ने किया। कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों ने जागरूकता

रैली निकाली, जिसे कुलपति प्रो. कम्बोज ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय

के विभिन्न महाविद्यालयों के अधिष्ठाता, निदेशक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, शिक्षक और

गैर शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story