यमुनानगर: विधायक ने किया दड़बा डेयरी का निरीक्षण, सफाई पर फोकस
यमुनानगर, 04 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर दड़बा डेयरी कॉम्प्लेक्स की व्यवस्थाओं को लेकर यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने बुधवार को नगर निगम अधिकारियों के साथ क्षेत्र का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डेयरी परिसर की साफ-सफाई, जल निकासी और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया तथा पशुपालकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी। पशुपालकों ने डेयरी क्षेत्र में जलभराव, नालियों की स्थिति और सफाई व्यवस्था से जुड़ी दिक्कतों को अधिकारियों और विधायक के समक्ष रखा।
निरीक्षण के बाद विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि पशुपालकों से जुड़ी वास्तविक समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभाएगा, लेकिन इसके लिए पशुपालकों का सहयोग भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नालियों में गोबर डाले जाने से जल निकासी बाधित होती है, जिससे गंदा पानी गलियों और सड़कों पर फैल जाता है और हालात और बिगड़ जाते हैं।
विधायक ने पशुपालकों से अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और गोबर को नालियों में बहाने से बचें। उन्होंने कहा कि यदि सभी पक्ष मिलकर जिम्मेदारी निभाएं, तो डेयरी कॉम्प्लेक्स की समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है। उन्होंने यह भी कहा कि दड़बा डेयरी कॉम्प्लेक्स को आधुनिक डेयरी कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने की दिशा में गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं।
इसका उद्देश्य पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और क्षेत्र को सुव्यवस्थित बनाना है। फिलहाल डेयरी कॉम्प्लेक्स की कई गलियों और सड़कों पर पानी जमा है। नगर निगम के कर्मचारी मौके पर सफाई कार्य में जुटे हुए हैं और नालियों में जमा गंदगी को हटाया जा रहा है। इस दौरान अधिकारियों और विधायक ने एक बार फिर पशुपालकों से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

