हरियाणा सरकार बनाएगी साइबर सुरक्षा केंद्र

WhatsApp Channel Join Now


चंडीगढ़, 04 अप्रैल (हि.स.)। समूचे विश्व में जहां आए दिन साइबर हमलों तथा सर्वर को हैक करने जैसी खबरें आती रहती हैं वहीं हरियाणा सरकार ने साइबर हमले के किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए साइबर सुरक्षा केंद्र की स्थापना का फैसला किया है। राज्य सरकार बहुत जल्द हरियाणा डिजिटल कवच-साइबर सुरक्षा उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने जा रही है। हरियाणा सरकार द्वारा पंचकूला में प्रदेश स्तरीय डायल 112 केंद्र स्थापित किया गया है। इसके अलावा साइबर सिटी गुरुग्राम में कई विदेशी कंपनियों के कॉल सेंटर चल रहे हैं। भविष्य के संभावित खतरे से निपटने के लिए हरियाणा सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है।

साइबर सुरक्षा के मद्देनजर हरियाणा डिजिटल कवच-साइबर सुरक्षा उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने की योजना बनाई गई है। यह केंद्र सभी विभागों के लिए 24 घंटे सातों दिन थ्रेट इंटेलिजेंस, घटना होने की सूरत में त्वरित प्रतिक्रिया देने, घटना न हो इसके लिए सुरक्षा मानक को पहले से लागू किया जाएगा। इस केंद्र की सबसे खास बात यह होगी कि इस केंद्र के माध्यम से संबंधित विभागों में नियमिति रूप से सुरक्षा परीक्षण किया जाएगा।

हरियाणा सरकार आने वाले समय में 70 विभागों की 1000 योजनाओं तथा सेवाओं को मर्ज करने जा रही है। इनके संचालन के लिए वन स्टॉप हेल्पलाइन शुरू किया जाएगा। इस योजनाओं को लागू करने में नागरिक संसाधन सूचना विभाग (क्रिड) की भूमिका अहम रहेगी। हरियाणा सरकार ने हालिया बजट में इन परियोजनाओं के लिए 422.78 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story